home page

पानीपत: धागा गोदाम में धागे की गांठ गिरने से दबकर दो बच्चियों की मौत

 | 

पानीपत, 25 जून (हि.स.)। पानीपत में गुरुवार को एक धागा गोदाम में धागे के भारी-भरकम बंडल के नीचे दबने से दो बच्चियों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार तीन बच्चियां अपनी मां के साथ गोदाम में आई थीं। वह बंडलों के पास ही खेल रही थीं, तभी पांच कुंतल के दो बंडल फिसलकर उनके ऊपर गिर गए। जिसमें दो बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई है। जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मृत बच्चियों के माता-पिता इसी गोदाम में मजदूरी का काम करते हैं। पुलिस के अनुसार, भैंसवाल रोड स्थित श्री लक्ष्मी फैक्ट्री में हादसा हुआ। फैक्ट्री के गोदाम में रोजाना की तरह मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान मां के साथ गोदाम में आई तीनों बच्चियां खेल रही थीं और हादसे का शिकार हो गईं। मृतक बच्चियों की पहचान साढ़े चार वर्षीय प्रग्या और ढाई वर्षीय सोनम के रूप में हुई है। वहीं हादसे में घायल तीसरी बच्ची की पहचान पांच वर्षीय रोशनी के रूप में हुई।

तीनों बच्चियां जब आपस में खेल रही थीं, तभी ऊपर रखी गईं पांच सौ किलोग्राम की धागे की दो बड़ी गांठें फिसलकर उनके ऊपर गिर गईं और तीनों बच्चियां उसके नीचे दब गईं। हादसा होते ही गोदाम में चीख-पुकार मच गई। वहां काम कर रहे परिजनों और अन्य मजदूरों ने आनन-फानन में गांठों को हटाकर तीनों बच्चियों को बाहर निकाला और तुरंत पानीपत के सिविल अस्पताल लेकर दौड़े। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने प्रग्या और सोनम को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, भारी वजन के नीचे दबने से बच्चियों का दम घुट गया था। वहीं, तीसरी बच्ची रोशनी की हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल कर लिया, जहां उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। रोशनी की मां मूर्ति ने बताया कि उसके घर में कोई नहीं था, इसी कारण वो बेटी को अपने साथ गोदाम ले आई थी। पुलिस ने इत्तेफाकिया हादसा की कार्रवाई करते हुए क्लोजर रिपोर्ट लगा दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा