home page

पानीपत: सरकारी कार्य में कोताही बरतने व आदेश न मानने पर नगर निगम के दो जेई निलंबित

 | 
पानीपत: सरकारी कार्य में कोताही बरतने व आदेश न मानने पर नगर निगम के दो जेई निलंबित


पानीपत, 18 मार्च (हि.स.)। पानीपत नगर निगम में प्रशासनिक कार्यों में कोताही बरतने व कमिश्नर के निर्देशों की अवहेलना और सरकार के ड्रीम प्रोजेक्ट 'म्हारी सड़क' पोर्टल पर नक्शा तैयार करने व ऐप पर शिकायतों में रुचि न लेने पर दो जूनियर इंजीनियरो को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। एडिशनल कमिश्नर द्वारा जारी आदेशों के अनुसार दो जेई. शिवराज और राजकुमार को उनकी ड्यूटी में भारी लापरवाही के चलने के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया है। इस बारे में एडिशनल कमिश्नर विवेक चौधरी ने बुधवार काे कहा कि दोनों को लेटर जारी कर 19 मार्च तक जबाब देने को कहा गया है। जबाव मिलने पर आगामी कार्रवाई शुरू की जाएगी।

निलंबन आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निदेशालय स्तर पर समय-समय पर 'म्हारी सड़क' पोर्टल पर वार्डों का नक्शा तैयार करने के निर्देश दिए गए थे। नगर निगम कमिश्नर ने बैठकों और आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से बार-बार चेतावनी दी थी, लेकिन इन दोनों जूनियर इंजीनियरों ने कार्य में कोई रुचि नहीं दिखाई, इसी लापरवाही का नतीजा रहा कि पूरे हरियाणा में पानीपत नगर निगम का प्रदर्शन सबसे निचले स्तर पर पाया गया।

नौ फरवरी को चंडीगढ़ में आयुक्त एवं सचिव, शहरी स्थानीय निकाय विभाग की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय बैठक में पानीपत के खराब प्रदर्शन पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की गई थी। इसके बावजूद, 16 मार्च को जब निदेशालय ने दोबारा समीक्षा की, तो इन दो अधिकारियों के कार्य में कोई प्रगति नहीं मिली। सरकार और उच्चाधिकारियों की इस नाराजगी के बाद कमिश्नर के निर्देशों पर यह सख्त कार्रवाई अमल में लाई गई है। निलंबन अवधि के दौरान दोनों जूनियर इंजीनियर को नगर निगम कार्यालय में ही हाज़िरी लगानी होगी। आदेशों के मुताबिक, वे अधोहस्ताक्षरी की पूर्व अनुमति के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि जनहित से जुड़े पोर्टल और सरकारी योजनाओं की मैपिंग में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो भी अधिकारी अपने वार्ड की शिकायतों और सड़कों के नक्शे बनाने में सुस्ती दिखाएगा, उसके विरुद्ध इसी तरह की अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा