सिरसा: दो अंतरराज्यीय नशा तस्कर गिरफ्तार, लाखों रुपये की अफीम पकड़ी
सिरसा, 02 अक्टूबर (हि.स.)। पुलिस ने नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले क्षेत्र से शुक्रवार काे दो अंतरराज्यीय नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार तस्करों से ढाई किलोग्राम से अधिक अफीम बरामद की गई, जिसकी बाजारी कीमत 13 लाख 50 हजार रुपये आकी गई है। तस्करों की पहचान जसविंद्र सिंह व गुरमुख सिंह के रूप में हुई। आरोपियों के खिलाफ पंजाब व राजस्थान में नशा तस्करी के मामले दर्ज हैं।
डबवाली के डीएसपी योगेश कटारिया ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस टीम गांव शेरगढ़ क्षेत्र में गश्त कर रही थी। पुलिस ने भारतमाला पुल के नीचे सर्विस रोड पर एक कार को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान कार दो किलो 755 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने अफीम तस्कर जसविंद्र सिंह व गुरमुख सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ डबवाली थाना में मामला दर्ज किया गया है। डीएसपी ने बताया कि आरोपी जसविंद्र का आपराधिक रिकार्ड जांचने पर सामने आया कि उसके खिलाफ पंजाब के थाना लंबी, चूरापोस्त तस्करी, हरियाणा के हिसार, राजस्थान में छह क्विंटल चूरापोस्त तस्करी, अवैध अफीम की खेती के संबंध में थाना पंजाब के श्रीमुक्तसर साहिब में मामला दर्ज है। इसके अलावा आरोपी गुरमुख सिंह के खिलाफ एक अभियोग हत्या व हत्या के प्रयास के संबंध में पंजाब के लंबी थाना में मामला दर्ज है ।
इसके अलावा पुलिस ने गांव भावदीन क्षेत्र से दो नशा तस्करों को हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर हेरोइन लेकर गांव की तरफ आ रहे थे। आरोपियों की पहचान धर्म सिंह व गुरप्रताप सिंह के रूप में हुई है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि धर्म सिंह व गुरप्रताप सिंह हेरोइन बेचने का काम करते हैं और पंजाब से हेरोइन लेकर बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर गांव भावदीन की तरफ जा रहे हैं। पुलिस ने सूचना के आधार पर नाकाबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

