हिसार : अग्रोहा में पांच एकड़ में विकसित हो रही दो अवैध कॉलोनियां ध्वस्त
डीटीपी विभाग की टीम ने पुलिस बल के साथ चलाया अभियान
जेसीबी से हटाए रास्ते, इंटरलॉकिंग सड़कें और चारदीवारी
हिसार, 20 नवंबर (हि.स.)। जिले के अग्रोहा क्षेत्र में अवैध रूप से विकसित
की जा रही दो कॉलोनियों पर जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) विभाग ने कार्रवाई करते हुए
करीब पांच एकड़ भूमि पर की गई प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। पुलिस बल की मौजूदगी में
विभागीय टीम ने अग्रोहा-बरवाला रोड और अग्रोहा-आदमपुर रोड पर जेसीबी की मदद से अवैध
निर्माण हटाए। इस दौरान कॉलोनियों में बनाए गए रास्तों, इंटरलॉकिंग सड़कों और चारदीवारी
को भी तोड़ दिया गया।
कार्रवाई के दौरान गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय,
हिसार के कार्यकारी अभियंता सुनील ग्रोवर ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में मौजूद रहे।
जिला नगर योजनाकार दिनेश कुमार के नेतृत्व में कनिष्ठ अभियंता हरिमोहन सहित विभागीय
टीम ने अभियान चलाया। विभाग के अनुसार, कृषि भूमि पर बिना जरूरी सरकारी अनुमति और भूमि
उपयोग परिवर्तन (सीएलयू) के प्लॉटिंग की जा रही थी।
अग्रोहा-बरवाला रोड पर करीब दो एकड़ भूमि में विकसित की जा रही कॉलोनी में
बने कच्चे-पक्के निर्माण और रास्तों को जेसीबी से गिराया गया। वहीं, अग्रोहा-आदमपुर
रोड पर करीब तीन एकड़ में काटी जा रही कॉलोनी में प्लॉटिंग के लिए तैयार किए गए इंटरलॉकिंग
सड़कों के नेटवर्क और चारदीवारी को उखाड़ दिया गया।
डीटीपी दिनेश कुमार ने शुक्रवार को कहा कि जिले में अवैध निर्माण और बिना लाइसेंस
कॉलोनियां विकसित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपनी
जीवनभर की जमा-पूंजी अवैध कॉलोनियों में निवेश न करें। किसी भी प्लॉट की खरीद-फरोख्त
से पहले डीटीपी कार्यालय से संबंधित कॉलोनी की वैधता की जांच अवश्य कर लें, ताकि भविष्य
में परेशानी से बचा जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

