home page

यमुनानगर: पुलिस ने गांजा पत्ती के साथ दो नशा तस्करों को किया गिरफ्तार

 | 
यमुनानगर: पुलिस ने गांजा पत्ती के साथ दो नशा तस्करों को किया गिरफ्तार


यमुनानगर, 24 अप्रैल (हि.स.)। यमुनानगर पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल ने नशा तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए आठ किलोग्राम गांजा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए दोनों आरोपी आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।

इंचार्ज अनिल कुमार के अनुसार, टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव महमूदपुर स्थित एक प्लाईवुड इकाई के बाहर कुछ व्यक्ति अवैध नशीले पदार्थ की सप्लाई की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान एक संदिग्ध को मौके पर काबू किया गया। नियमानुसार ड्यूटी मजिस्ट्रेट को मौके पर बुलाया गया और उनकी उपस्थिति में तलाशी लेने पर आरोपी के पास से आठ किलोग्राम गांजा पत्ती बरामद हुई। पूछताछ में उसकी पहचान जिला वैशाली, बिहार निवासी विजय के रूप में हुई। जांच के दौरान आरोपी ने अपने जीजा इंद्रजीत का नाम उजागर किया, जिसे बाद में पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी क्षेत्र में नशीले पदार्थ की आपूर्ति से जुड़े हुए थे। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य संभावित सदस्यों और सप्लाई चैन की पड़ताल कर रही है। इंचार्ज ने स्पष्ट किया कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस प्रकार की अवैध गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार