हांसी से हरिद्वार घूमने गए दो दोस्तों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत
परिवारों में पसरा मातम, पुलिस ने पोस्टमार्टम करके शव परिजनों का सौंपे
हांसी, 11 जून (हि.स.)। हरिद्वार घूमने गए हांसी के दो युवकों की सड़क हादसे
में दर्दनाक मौत हो गई। दोनों दोस्त बाइक पर उत्तराखंड के धार्मिक और पर्यटन स्थलों
की यात्रा पर निकले थे, लेकिन सफर के दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा
गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान
हांसी की रूपनगर कॉलोनी निवासी 22 वर्षीय रजत भाटिया और उत्तम नगर निवासी 23 वर्षीय
रवि कुमार के रूप में हुई है।
मृतक रजत भाटिया के भाई नितेश ने गुरुवार को बताया कि दोनों युवक सोमवार को
घर से निकले थे। बुधवार शाम को उन्हें फोन पर सूचना मिली कि रुड़की के पास उनकी बाइक
अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस दुर्घटना में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत
हो गई। रवि कुमार अविवाहित था और घर से बिना बताए निकला था। रजत भाटिया अपनी बाइक से
गया था। रजत ने लगभग एक साल पहले प्रेम विवाह किया था और वह एक निजी दुकान पर कार्य
करता था। घटना की सूचना मिलते ही उनके परिवारों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र
में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार दोनों युवक हांसी के रहने वाले थे और कुछ दिन की छुट्टी
में हरिद्वार घूमने गए थे। रास्ते में तेज रफ्तार के कारण बाइक अचानक संतुलन खो बैठी
और डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो
चुकी थी।
मृतकों में से एक युवक ने करीब एक वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था। उसकी असमय
मौत की खबर सुनते ही पत्नी बेसुध हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार को
उम्मीद थी कि युवक घूमकर सकुशल लौटेगा, लेकिन हादसे की खबर ने उनकी दुनिया ही उजाड़
दी।
लोगों के अनुसार दोनों दोस्त काफी घनिष्ठ थे और अक्सर साथ रहते थे। उनकी दोस्ती
का अंत भी एक साथ ही हो गया। घटना के बाद पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए
भेजकर परिजनों को सूचना दी। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शवों को हांसी लाया
गया, जहां देर शाम दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। दोनों परिवारों के घरों में
मातम पसरा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

