home page

सिरसा: राजस्थान के दो नशा तस्कर लाखों रुपये के चूरापोस्त सहित गिरफ्तार

 | 
सिरसा: राजस्थान के दो नशा तस्कर लाखों रुपये के चूरापोस्त सहित गिरफ्तार


सिरसा, 01 सितंबर (हि.स.)। पुलिस ने नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान के दो तस्करों को 28 किलोग्राम चूरापोस्त सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पकड़ी गई चूरापोस्त की कीमत लाखों रुपये आंकी गई है। तस्करों की पहचान राजस्थान के टिब्बी निवासी शमशेर सिंह व संदीप सिंह के रूप में हुई है।

सीआईए प्रभारी रविंद्र कुमार ने मंगलवार को बताया कि पुलिस टीम सिरसा के बरनाला रोड क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान गांव पनिहारी की तरफ से एक मोटरसाइकिल पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखकर दोनों युवकों ने मोटरसाइकिल वापस मोडक़र भागने का प्रयास किया। शक होने पर पुलिस कर्मचारियों ने दोनों युवकों को मौके पर ही काबू कर लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से प्लास्टिक के थैले से 28 किलोग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ।

पुलिस ने चूरापोस्त और मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ सदर थाना सिरसा में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पूछताछ के दौरान नशे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था, इस संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की संभावना है।

उधर, पुलिस ने गांव गिदडखेड़ा क्षेत्र में बिजली ट्रांसफार्मर से तेल व अन्य उपकरण चोर गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से चोरीशुदा तेल व वारदात में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किए हैं। आरोपियों की पहचान सूरजभान व हरगोपाल के रूप में हुई है।

सदर थाना प्रभारी ने बताया कि गांव गिदडखेड़ा निवासी किसान सुखराज सिंह ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई कि वह 29 अगस्त की रात को अपने खेत में पानी लगा रहा था। इसी दौरान उसके खेत में लगे बिजली ट्रांसफार्मर से दो व्यक्तियों को तेल निकालते हुए देखा। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरीशुदा तेल व हथियार बरामद किए हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी हरगोपाल के खिलाफ दो अभियोग पहले ही डबवाली थाना में दर्ज हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma