सिरसा: लाखों रुपये की हेरोइन पकड़ी, दो तस्कर गिरफ्तार
सिरसा, 23 जुलाई (हि.स.)। पुलिस ने नशा तस्करों पर कार्रवाई करते हुए जिला क्षेत्र से दो तस्करों को लाखों रुपये की हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए तस्करों की पहचान हिमांशु व राजपाल के रूप में हुई है। सीआईए ऐलनाबाद प्रभारी संदीप कुमार ने गुरुवार को बताया पुलिस टीम गश्त एवं चेकिंग के दौरान सिरसा शहर के मोचियांवाली गली क्षेत्र मे मौजूद थी। इसी दौरान सामने से एक युवक पैदल आता दिखाई दिया, जो कि पुलिस को देखकर वापस मुडक़र खिसकने का प्रयास करने लगा।
पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की और शक के आधार पर तलाशी ली तो उसके कब्जे से 60 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ थाना शहर सिरसा में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसके अलावा एंटी नारकोटिक्स सेल पुलिस टीम ने जिला के गांव बेगू क्षेत्र से एक युवक को सात ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम गांव बेगू क्षेत्र में गश्त पर थी।
इसी दौरान सामने से आ रहा युवक पुलिस को देखकर वापस मुडक़र भागने लगा। पुलिस ने उसका पीछा कर उसे काबू कर लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से सात ग्राम हेरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार युवक की पहचान सिरसा निवासी राजपाल के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा और रिमांड के दौरान हेरोइन तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम पते मालूम कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

