सिरसा: महिला सहित दो तस्कर गिरफ्तार, लाखों की हेरोइन बरामद
सिरसा, 29 मई (हि.स.)। पुलिस ने जिले के गांव रोड़ी क्षेत्र से दो नशा तस्करों को गिरफ्तार कर लाखों रुपये की हेरोइन बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। पुलिस के अनुसार पकड़ी गई हेरोइन की कीमत लाखों रुपये में आकी गई है। सीआईए सिरसा प्रभारी रविंदर सिंह ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस टीम गश्त व अपराध रोकथाम के उद्देश्य से सुरतिया रोड रोड़ी क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान गांव सुरतिया की तरफ से एक मोटरसाइकिल पर युवक और महिला आते दिखाई दिए।
पुलिस को सामने देखकर बाइक चालक ने अचानक मोटरसाइकिल को वापस मोडक़र भागने का प्रयास किया, तो पुलिस को उन पर शक हुआ। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को दबोच लिया। पूछताछ में उनकी पहचान सिरसा निवासी राजदीप तथा पंजाब के मानसा निवासी चरणजीत कौर के रूप में हुई।
तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 41 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इंस्पेक्टर रविंदर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना रोड़ी में मामला दर्ज कर जांच थाना रोड़ी पुलिस को सौंप दी गई है। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ कर हेरोइन तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी तथा उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
सीएम फ्लाइंग व आबकारी विभाग की रेड, अवैध शराब बरामद
सीएम फ्लाइंग और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने जिले के गांव भड़ोलियांवाली में अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो स्थानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान अवैध शराब बरामद की गई। एक्साइज इंस्पेक्टर कमलदीप ने बताया कि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव में अवैध रूप से शराब की बिक्री की जा रही है। गुप्त सूचना के आधार पर सीएम फ्लाइंग और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम गठित कर गांव में दो अलग-अलग स्थानों पर रेड की गई। छापेमारी के दौरान अवैध शराब बरामद हुई। टीम ने मौके से बरामद अवैध शराब को कब्जे में लेकर स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

