home page

सिरसा: दो साइबर ठग यूपी व पंजाब से गिरफ्तार

 | 

सिरसा, 14 सितंबर (हि.स.)। पुलिस ने साइबर ठगी के दो मामलों का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार एक आरोपी को यूपी से तथा दूसरे को पंजाब से गिरफ्तार किया गया है।

डबवाली साइबर अपराध शाखा प्रभारी आनंद कुमार ने सोमवार को बताया कि थाना शहर डबवाली में दर्ज अभियोग के अनुसार शिकायतकर्ता हरदीप सिंह ने बताया कि उसने मिंतरा ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफार्म से चप्पल मंगवाई थी। जब उसने अपने आर्डर की जानकारी लेने के लिए गुगल पर सर्च कर कस्टमर केयर के नम्बर पर कॉल की तो उन्होंने ऑर्डर कैंसिल करने की बात कही, हरदीप ने ऐसा करने से मना कर दिया। इसके बाद उसे व्हाट्सएप्प काल आई। शिकायतकर्ता को झांसे में लेकर स्क्रीन शेयर करवाकर उसके खाते से करीब एक लाख चार हजार रुपये धोखाधड़ी से निकाल लिए। पुलिस ने आरोपी विवेक सिंह को यूपी से गिरफ्तार कर लिया है।

एक अन्य मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने शिकायतकर्ता मनोज कुमार के बैंक खाते से साइबर ठगों द्वारा निकाले गए एक लाख 33 हजार रुपये के मामले में आरोपी, पंजाब के संगरूर निवासी गुरलाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शिकायत के बाद ठगी करने वाले व्यक्ति के बैंक खाते को फ्रीज करवाया और आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने जानकारी जुटाते हुए खाताधारक आरोपी गुरलाल सिंह को जिला संगरूर पंजाब से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पीड़ित को 30 हजार रुपये की राशि वापस दिलवाई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma