नूंह पुलिस ने वाहन चोरी के दो आरोपी दबोचे,वाहन बरामद
नूंह, 06 जून (हि.स.)। नूंह पुलिस ने चोरी के दो वाहनों सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक आरोपी विभिन्न वाहन चोरी और चोरी के मामलों में लंबे समय से वांछित चल रहा था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी की स्कूटी और मोटरसाइकिल बरामद की है।
नूंह पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि थाना नागीना पुलिस ने 5 जून को वाहन चेकिंग के दौरान हिमांशु निवासी नागीना को स्कूटी सहित गिरफ्तार किया। जांच में बरामद स्कूटी चोरी की पाई गई, जिसके संबंध में थाना नागीना में मामला दर्ज किया गया। पूछताछ के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी हिमांशु विभिन्न चोरी और वाहन चोरी के मामलों में वांछित था। उसके खिलाफ गुरुग्राम जिले के थाना न्यू कॉलोनी, भोंडसी, शहर सोहना और सदर गुरुग्राम में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
वहीं, अभियान के दौरान पुलिस की एक अन्य टीम ने तौफीक निवासी रूपड़ाका, थाना उटावड़ को चोरी की मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया। मोटरसाइकिल पर नंबर प्लेट नहीं लगी हुई थी। पुलिस ने चेसिस और इंजन नंबर की जांच की तो वाहन का वास्तविक नंबर सामने आया। जांच में पता चला कि उक्त मोटरसाइकिल चोरी होने का मामला नूंह शहर थाना में दर्ज है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मोटरसाइकिल बरामद कर ली।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

