यमुनानगर:मोदी सरकार के 12 वर्ष जनसेवा, विकास और सुशासन के स्वर्णिम अध्याय: अरोड़ा
यमुनानगर, 12 जून (हि.स.) यमुनानगर में भारतीय जनता पार्टी कार्यालय ‘यमुना कमल’ में शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने केंद्र की भाजपा-नीत एनडीए सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, जनकल्याण और सुशासन के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। अरोड़ा ने कहा कि वर्ष 2014 से प्रारंभ हुई विकास यात्रा ने समाज के प्रत्येक वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। उन्होंने बताया कि स्वच्छ भारत अभियान के तहत देशभर में 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण कर स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप दिया गया। वहीं जल जीवन मिशन के माध्यम से करोड़ों परिवारों को घर-घर पेयजल सुविधा उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के जरिए करोड़ों महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाते हुए गैस कनेक्शन प्रदान किए गए। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत बड़ी संख्या में नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा कवच मिला है, जबकि देश में मेडिकल कॉलेजों और स्वास्थ्य संस्थानों का तेजी से विस्तार हुआ है। महिला सशक्तिकरण को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए विधायक ने कहा कि लखपति दीदी, मुद्रा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना और नारी शक्ति वंदन अधिनियम जैसी पहलों ने महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने का मार्ग प्रशस्त किया है। कृषि क्षेत्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड और न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि जैसी योजनाओं से किसानों को सीधा लाभ मिला है। कृषि उत्पादन और निर्यात दोनों में वृद्धि दर्ज की गई है। अरोड़ा ने कहा कि रेलवे, राष्ट्रीय राजमार्ग, हवाई अड्डों, डिजिटल सेवाओं और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। रक्षा उत्पादन, अंतरिक्ष अनुसंधान, स्टार्टअप और डिजिटल भुगतान जैसे क्षेत्रों में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में केंद्र सरकार निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और जनकल्याण की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति तक पहुंचाना ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

