सोनीपत:हाईवे पर टायर बदल रहे तीन युवकों को ट्रक ने रौंदा, दो की मौत
सोनीपत, 16 जुलाई (हि.स.)। नेशनल हाईवे-44 पर बुधवार देर रात एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस
के अनुसार तीनों युवक अस्पताल में भर्ती अपने एक परिचित का हालचाल पूछकर कार से घर
लौट रहे थे। रास्ते में हाईवे-44 पर उनकी कार का टायर पंचर हो गया। उन्होंने वाहन को
सड़क किनारे खड़ा कर टायर बदलना शुरू किया। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने
उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक दूर जा गिरे।
हादसे
में फरीदाबाद निवासी सुनील और गन्नौर के गांव शाहपुर तगा निवासी मोहित की मौके पर ही
मौत हो गई, जबकि उमेश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती
कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
बताया
जा रहा है कि दोनों मृतक शादीशुदा थे और अपने पीछे छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं।
मोहित निजी कंपनी में कार्यरत था, जबकि सुनील खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करता
था। हादसे की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया।
बड़ी
थाना पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत नागरिक अस्पताल भेज दिया है।
घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है
ताकि फरार ट्रक और चालक की पहचान की जा सके। पुलिस ने जल्द आरोपी की गिरफ्तारी का दावा
किया है। साथ ही वाहन चालकों से अपील की है कि हाईवे पर वाहन खराब होने की स्थिति में
सुरक्षा संकेतक लगाकर ही मरम्मत करें, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

