home page

हांसी-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रक पलटा, चालक की मौत

 | 
हांसी-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रक पलटा, चालक की मौत


एक साल पहले हुई थी शादी, गाड़ी लेकर भिवानी से जा रहा था हरिद्वार

हांसी, 08 मई (हि.स.)। हांसी-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार अल सुबह

हुए एक सड़क हादसे में गाड़ी ड्राइवर की मौत हो गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के

बदायूं जिले के गांव भवानीपुर निवासी करीब 30 वर्षीय शाहरून के रूप में हुई है। शाहरून

अपनी गाड़ी भिवानी से सामान लोड कर हरिद्वार लेकर जा रहा था। शुक्रवार तड़के करीब ढाई

से तीन बजे के बीच उसकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हुई। हादसे के बाद राहगीरों ने हादसे

की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर बास थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को कब्जे

में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया।

नागरिक अस्पताल में मौजूद परिजनों ने बताया कि करीब एक साल पहले शाहरून की

शादी हुई थी और अभी तक कोई संतान नहीं हुई थी। परिजनों ने बताया उसके परिवार में पत्नी,

मां और दो भाई हैं। मृतक के भाई के अनुसार, शाहरून ईद पर घर आया था और कुछ दिनों बाद

फिर घर जाने की योजना बना रहा था। इस दौरान शाहरून का शव देखकर उसके बड़े भाई की तबीयत

बिगड़ गई, जिसके बाद परिजनों ने उसे संभाला और उसको सांत्वना दी।

शाहरून जिस ट्रांसपोर्ट कंपनी की गाड़ी चलाता था, उसी कंपनी की एक अन्य गाड़ी

शाहरुन की गाड़ी के आगे चल रही थी। उस गाड़ी ड्राइवर नसीब ने बताया कि हादसा तड़के

करीब ढाई से तीन बजे के बीच हुआ। उन्होंने बताया कि उसकी पीछे चल रही गाड़ी जब काफी

देर तक नजर नहीं आई तो उन्होंने वापस लौट देखा तो उसकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त मिली लेकिन

गाड़ी के दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर