कैथल:ट्रक की चपेट में आने से दो स्कूली छात्राओं की मौत
कैथल, 03 सितंबर (हि.स.)। कैथल जिथा के सीवन में थाना के पास गुरुवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार की दो स्कूली छात्राओं की मौत हो गई। दोनों छात्राएं स्कूटी पर सवार होकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान उनकी स्कूटी ट्रक की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
मृतक छात्राओं की पहचान गांव मांड़ी निवासी गुरनदीप (14) पुत्री भूपेंद्र सिंह और शरणदीप कौर (15) पुत्री जतिंद्र सिंह के रूप में हुई है। दोनों छात्राएं पीबीएम श्री कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सीवन में पढ़ती थी। गुरनदीप कक्षा नौवीं, जबकि शरणदीप कौर कक्षा दसवीं की छात्रा थी। दोनों छात्राएं स्कूटी से घर से स्कूल के लिए निकली थी। सीवन थाना के पास पहुंचने पर उनकी स्कूटी एक ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग घटनास्थल पर एकत्रित हो गए और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर थाना सीवन पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी जुटाई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल कैथल भेजने की कार्रवाई शुरू की। वहीं, ट्रक को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। दोनों छात्राओं की मौत की खबर गांव मांड़ी पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्कूल में भी घटना की सूचना मिलने के बाद स्टाफ और खंड शिक्षा अधिकारी राकेश कौशिक मौके पर पहुंचे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

