home page

कैथल में ट्रांसपोर्ट कंपनी के स्टोर में भीषण आग, करोड़ों का सामान जलकर राख

 | 
कैथल में ट्रांसपोर्ट कंपनी के स्टोर में भीषण आग, करोड़ों का सामान जलकर राख


कैथल में ट्रांसपोर्ट कंपनी के स्टोर में भीषण आग, करोड़ों का सामान जलकर राख


कैथल, 13 नवंबर (हि.स.)। शहर के फ्रांसवाला रोड पर स्थित एक ट्रांसपोर्ट कंपनी के स्टोर में देर रात अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते स्टोर में रखा व्यापारियों और अन्य लोगों का करोड़ों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। घटना रात करीब 12 से एक बजे के बीच की है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। कंपनी में काम करने वाले कर्मचारियों ने आग लगने की सूचना तुरंत डायल 112 और फायर ब्रिगेड विभाग को दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की भयावहता को देखते हुए फायर कर्मियों को करीब तीन घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद आग पर काबू पाया जा सका।

आग इतनी भीषण थी कि स्टोर में रखा सामान पूरी तरह इसकी चपेट में आ गया। वहां खड़ी दो पिकअप गाड़ियां, एक बाइक और एक रेहड़ी भी जल गई। इसके अलावा गाड़ियों में लदा और स्टोर में रखा जूते, टायर, कुर्सियां, दवाइयां और कपड़ों सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया। इस घटना में ट्रांसपोर्ट कंपनी के साथ-साथ उन व्यापारियों और लोगों को भी भारी आर्थिक नुकसान हुआ, जिनका सामान डिलीवरी के लिए वहां रखा हुआ था।

शर्मा गुड्स एंड ट्रांसपोर्ट के संचालक श्याम सुंदर ने बताया कि उनकी कंपनी व्यापारियों का सामान एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने का काम करती है। शाम के समय विभिन्न व्यापारियों का सामान गाड़ियों में लोड कर दिया गया था और सुबह इसकी डिलीवरी की जानी थी, लेकिन रात को अचानक लगी आग ने सब कुछ तबाह कर दिया। श्याम सुंदर ने बताया कि सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई थी और काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पा लिया गया। उन्होंने बताया कि आगजनी में करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। फिलहाल फायर ब्रिगेड की टीम की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे