हिसार : अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद ने बालिकाओं को दिलवाया आत्मरक्षा का प्रशिक्षण
सूरज कराटे वीरांगना टीम ने बालिकाओं को दिया
प्रशिक्षण
हिसार, 23 मार्च (हि.स.)। सूरज कराटे वीरांगना
टीम के संचालक हरीश सिराधना व उनकी टीम ने सूर्य नगर स्थित डिवाइन हाई स्कूल व अर्बन
एस्टेट स्थित भारत माता पार्क में बालिकाओं को निशुल्क आत्मरक्षा का प्रशिक्षण प्रदान
किया। शिविर के अंतर्गत बालिकाओं को लाठी चलाने का प्रशिक्षण दिया गया।
कैंप का आयोजन राष्ट्रीय महिला परिषद की महानगर
अध्यक्ष नीलम सैनी के सहयोग से किया गया। दोनों जगह करीब 100 बालिकाओं ने बढ़-चढ़ कर
और बड़े उत्साह के साथ शिविर में भाग लिया। भारत माता पार्क, अर्बन एस्टेट में पार्षद
संजय डालमिया, सुमन लता, सुशीला ने कार्यक्रम की व्यवस्था की।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रवीण हिंदू ने की। प्रवीण हिंदू ने
साेमवार काे बताया कि हर बच्चे को आत्मरक्षा, लाठी चलाना, खासकर लड़कियों की सुरक्षा पर ध्यान देना
अति आवश्यक है। इस क्षेत्र में नीलम की ‘भागता भारत’ की टीम बच्चों को फिजिकल ट्रेनिंग पिछले साल से दे रही है
ओर खेलों के माध्यम से ही बच्चों को नशे से दूर रखने की कोशिश निरंतर कर रही हैं। सूरज कराटे के हरीश
सिराधना ने इस आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्य को प्रतिदिन सायं चलाने की घोषणा
की। इसमें डिवाइन हाई स्कूल संचालक राहुल सैनी की का पूर्ण योगदान रहा।
राष्ट्रीय महिला परिषद की महानगर अध्यक्ष नीलम सैनी ने इस अवसर पर कहा कि आज के बदलते परिवेश में, खासकर कन्याओं को आत्मरक्षा में निपुण होना जरूरी है और यह आज के समय की मांग भी है। उन्होंने बताया कि उनके एनजीओ की ओर से इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम काफी समय से करवाए जा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

