home page

कैथल: इंजन की पावर फेल, चार घंटे फाटक पर खड़ी रही सुपरफास्ट ट्रेन

 | 
कैथल: इंजन की पावर फेल, चार घंटे फाटक पर खड़ी रही सुपरफास्ट ट्रेन


कैथल, 17 सितंबर (हि.स.)। कैथल में शक्ति नगर फाटक के पास वीरवार सुबह उदयपुर सिटी से चंडीगढ़ जा रही सुपरफास्ट ट्रेन अचानक तकनीकी खराबी के कारण बीच रास्ते में रुक गई। इंजन की पावर फेल होने के चलते ट्रेन करीब चार घंटे तक फाटक के पास खड़ी रही। ट्रेन के लंबे समय तक खड़े रहने से इसमें सवार यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, रेलवे लाइन पर यातायात प्रभावित होने के कारण कैथल रेलवे स्टेशन पर दिल्ली जाने वाली ट्रेन भी करीब एक घंटे तक खड़ी रही।

उदयपुर सिटी-चंडीगढ़ सुपरफास्ट ट्रेन सुबह करीब 6:40 बजे कैथल के शक्ति नगर फाटक के पास पहुंची थी। इसी दौरान इंजन में तकनीकी खराबी आ गई और ट्रेन आगे नहीं बढ़ सकी। ट्रेन के रुकने के कारण फाटक के आसपास भी आवाजाही प्रभावित हुई। काफी देर तक ट्रेन के रवाना नहीं होने से यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में देरी की चिंता सताती रही। सुपरफास्ट ट्रेन के बीच रास्ते में खड़े होने का असर दूसरी ट्रेनों के संचालन पर भी पड़ा। कैथल रेलवे स्टेशन पर कैथल-दिल्ली जाने वाली ट्रेन करीब एक घंटे तक खड़ी रही। यात्रियों को ट्रेन के चलने का इंतजार करना पड़ा। रेलवे लाइन पर एक ही ट्रैक होने के कारण दोनों ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ।

स्टेशन मास्टर दिनेश ने बताया कि सुपरफास्ट ट्रेन के इंजन की पावर फेल हो गई थी। कैथल में एक ही रेलवे लाइन होने के कारण इसका असर अन्य ट्रेनों के संचालन पर भी पड़ा। करीब चार घंटे तक ट्रेन शक्ति नगर फाटक के पास खड़ी रही। बाद में दूसरा इंजन मंगवाया गया, जिसके बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे