home page

पलवल: सड़क हादसा: चाचा और दो मासूम बच्चियों की मौत, दो महिलाओं की हालत गंभीर

 | 

पलवल, 27 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर पृथला गांव के समीप बीती रात एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना में एक युवक और दो मासूम बच्चियों की जान चली गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा इतना भीषण था कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के कनवार गांव निवासी भूरी सिंह ने साेमवार काे पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह वर्तमान में अपने परिवार के साथ फरीदाबाद के सेक्टर-62 में रह रहे हैं। उनका छोटा बेटा भीष्म पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपने साले की पत्नियों रीवा और रोशनी को उनके बच्चों सहित बाइक पर लेकर फरीदाबाद लौट रहा था। रीवा की गोद में उसकी 18 माह की बेटी राधिका और रोशनी की गोद में उसकी चार माह की बेटी कीर्ति थी। जब वे राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर पृथला गांव के पास रेलवे ओवरब्रिज के नीचे पहुंचे, तभी सामने से आ रहे एक मैक्स पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सभी सवार सड़क पर जा गिरे। इस दुर्घटना में मोटरसाइकिल चालक भीष्म और दोनों मासूम बच्चियां राधिका व कीर्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रीवा और रोशनी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए दोनों महिलाओं को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर किया गया है।

जांच अधिकारी ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि भूरी सिंह की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी के अनुसार, आरोपी की तलाश के लिए राजमार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग