पलवल: खेत में खाना लेकर जा रहे दो मासूमों को ट्रैक्टर ने रौंदा,
पलवल, 16 जुलाई (हि.स.)। पलवल जिले के गांव गुरवाड़ी में तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। दोनों बच्चे अपने परिजनों के लिए खेत में दोपहर का खाना लेकर जा रहे थे। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गुरवाड़ी गांव निवासी खुशीराम ने बताया कि वह अपने भतीजे राजू और विष्णु के साथ गांव से आगे खेतों में भैंस चरा रहे थे। इसी दौरान उनका बेटा योगेश और विष्णु का भाई हिमांशु घर से उनके लिए दोपहर का खाना लेकर पैदल खेत की ओर आ रहे थे। रास्ते में सामने से तेज गति से आए ट्रैक्टर ने दोनों बच्चों को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से भागने लगा। खेत में मौजूद परिजन तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े। शिकायतकर्ता के अनुसार, उनके भतीजे राजू ने भाग रहे चालक की पहचान चांदहट गांव निवासी कुलदीप उर्फ टुल्ली के रूप में की।
गंभीर रूप से घायल दोनों बच्चों को तत्काल जिला नागरिक अस्पताल, पलवल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर चांदहट थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। थाना प्रभारी श्री भगवान ने गुरूवार को जानकारी देते हुए बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

