हांसी में राजमार्ग पर ट्रैक्टर ने खड़ी बस में मारी टक्कर, चालक गंभीर
हांसी, 27 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय राजमार्ग
स्थित गीता चौक के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सवारियों से भरी एक प्राइवेट बस को पीछे
से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर बस के पिछले हिस्से को चीरते हुए
अंदर तक जा घुसा। हादसे में ट्रैक्टर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बस में सवार
करीब 35 यात्री बाल-बाल बच गए। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और शहर थाना पुलिस
मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल ट्रैक्टर चालक को टोल प्लाजा की एंबुलेंस के द्वारा
उपचार के लिए हिसार के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम को हांसी से
हिसार जा रही प्राइवेट बस ‘द रिजनट मैरिज पैलेस’ के पास सवारियां उतारने के लिए सड़क किनारे
खड़ी थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बस के अंदर पीछे से टक्कर
मार दी। ट्रैक्टर की टक्कर लगने के बाद बस कई मीटर तक आगे घिसटती चली गई, जिससे मौके
पर अफरा-तफरी मच गई। बस चालक पवन गुर्जर ने बताया कि वह सड़क किनारे बस को रोक कर सवारियों
को उतार रहा था, कि अचानक पीछे से ट्रैक्टर ने खड़ी बस में टक्कर मार दी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

