हरियाणा की पहली टूरिस्ट पुलिस पोस्ट माता मनसा देवी मंदिर में शुरू
100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी, 20 पुलिसकर्मी 24 घंटे रहेंगे तैनात
चंडीगढ़, 11 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए पंचकूला स्थित ऐतिहासिक शक्तिपीठ माता मनसा देवी मंदिर परिसर में प्रदेश की पहली टूरिस्ट पुलिस पोस्ट शुरू की है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को इसका उद्घाटन किया। आधुनिक निगरानी प्रणाली और विशेष रूप से प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों से सुसज्जित यह पोस्ट श्रद्धालुओं को सुरक्षा, मार्गदर्शन और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगी।
टूरिस्ट पुलिस पोस्ट का उद्देश्य विभिन्न राज्यों और भाषाई पृष्ठभूमियों से आने वाले श्रद्धालुओं को मंदिर परिसर में ही सुरक्षा, मार्गदर्शन, शिकायत निवारण और आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाना है, ताकि उन्हें छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों या पुलिस थानों के चक्कर न लगाने पड़ें। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पुलिस अधिकारियों से टूरिस्ट पुलिस पोस्ट की कार्यप्रणाली, उपलब्ध सुविधाओं और सुरक्षा प्रबंधों के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि माता मनसा देवी मंदिर में देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
टूरिस्ट पुलिस पोस्ट पर 20 विशेष रूप से प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों की चौबीसों घंटे तैनाती की गई है। मंदिर परिसर में किसी भी चिकित्सा आपातस्थिति, भगदड़ जैसी परिस्थिति अथवा वीआईपी मूवमेंट के दौरान टूरिस्ट पुलिस के जवान मंदिर बोर्ड, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित करेंगे। हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने कहा कि प्रदेश की पहली टूरिस्ट पुलिस पोस्ट की स्थापना श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और बेहतर पुलिसिंग के प्रति हरियाणा पुलिस की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
टूरिस्ट पुलिस पोस्ट पर तैनात जवानों को सामान्य पुलिस वर्दी से अलग विशिष्ट टूरिस्ट पुलिस वर्दी प्रदान की गई है, जिससे श्रद्धालु जरूरत पडऩे पर उन्हें आसानी से पहचान सकेंगे। जवानों को प्रभावी संवाद, सॉफ्ट स्किल और विभिन्न राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं की जरूरतों को समझने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। टूरिस्ट पुलिस पोस्ट को एकीकृत सहायता एवं सूचना केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। यहां श्रद्धालुओं को सामान्य दर्शन की कतार, वीआईपी दर्शन व्यवस्था, जूता घर, प्रसाद, लंगर और मंदिर परिसर से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके अतिरिक्त बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, ऑटो एवं ई-रिक्शा स्टैंड और पार्किंग स्थलों के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया जाएगा। पंचकूला आने वाले श्रद्धालुओं को कालका स्थित श्री काली माता मंदिर और श्री चंडी माता मंदिर सहित अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों की जानकारी तथा वहां पहुंचने के मार्ग के बारे में भी बताया जाएगा।
100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की लाइव मॉनिटरिंग
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को और सुदृढ़ बनाने के लिए मंदिर परिसर में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की लाइव मॉनिटरिंग टूरिस्ट पुलिस पोस्ट में स्थापित नियंत्रण कक्ष से की जाएगी। सक्रिय अपराधियों और संदिग्ध व्यक्तियों से संबंधित उपलब्ध जानकारी के आधार पर निगरानी को प्रभावी बनाया जाएगा, ताकि जेबकतरी, चेन स्नैचिंग और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।
अब शिकायत दर्ज करवाने के लिए थाने जाने की जरूरत नहीं
टूरिस्ट पुलिस पोस्ट में शिकायत दर्ज करवाने की सुविधा है। पहले गुमशुदगी, सामान खोने अथवा अन्य संबंधित शिकायतों के लिए श्रद्धालुओं को लगभग दो किलोमीटर दूर स्थित माता मनसा देवी थाने जाना पड़ता था। अब मंदिर परिसर में ही स्थापित इस पोस्ट पर एफआईआर और रोजनामचा संबंधी सुविधा उपलब्ध करवाई गई है, जिससे श्रद्धालुओं को समय पर पुलिस सहायता मिल सकेगी और शिकायतों के निवारण की प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक बनेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

