नूंह में अवैध खनन पर प्रशासन की सख्ती, 30.51 लाख जुर्माना वसूला
नूंह, 27 अक्टूबर (हि.स.)। नूंह जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। प्रशासन ने नियमों का उल्लंघन करने वाले 41 वाहनों को जब्त कर संबंधित मामलों में 30 लाख 51 हजार 150 रुपये की पेनल्टी वसूल की है। उपायुक्त अखिल पिलानी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
उपायुक्त अखिल पिलानी मंगलवार को लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में खनन विभाग की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में खनन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जब्त किए गए 41 वाहनों में 21 वाहन बिना ई-रवाना के खनिजों का परिवहन करते हुए पकड़े गए, जबकि 20 वाहन अंतरराज्यीय परिवहन पास (आईएसटीपी) से संबंधित नियमों का उल्लंघन करने के मामलों में पकड़े गए। इन मामलों में कुल 30,51,150 रुपये की पेनल्टी वसूली गई है।
उपायुक्त अखिल पिलानी ने कहा कि जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ लगातार निगरानी रखें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतें और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि अवैध खनन से प्राकृतिक संसाधनों को नुकसान पहुंचता है और पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। खनिज संसाधनों का उपयोग निर्धारित नियमों के अनुसार होना चाहिए। प्रशासन की प्राथमिकता अवैध खनन और खनिजों के अनधिकृत परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाना है।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अवैध खनन या खनिजों के अवैध परिवहन से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाए। इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन का अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी।
बैठक में एसडीएम फिरोजपुर झिरका रुहानी, एसडीएम नूंह कुंवर आदित्य विक्रम, एसडीएम तावडू जितेंद्र सिंह, एसडीएम पुन्हाना अमित कुमार, डीएसपी अभिमन्यु लोहान, सचिव आरटीए मुनीष सहगल, डीएफओ प्रवीण कुमार, उप सिविल सर्जन डॉ. आशीष सिंगला, सहायक माइनिंग इंजीनियर नरेश सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

