home page

नूंह में मूसलाधार बारिश से शहर हुआ जलमग्न, सरकारी कार्यालयों में भी भरा पानी

 | 
नूंह में मूसलाधार बारिश से शहर हुआ जलमग्न, सरकारी कार्यालयों में भी भरा पानी


नूंह, 06 अगस्त (हि.स.)। नूंह में बुधवार देर रात से शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने पूरे शहर की व्यवस्था को प्रभावित कर दिया। लगातार हुई वर्षा के कारण शहर की मुख्य सड़कें, बाजार, सरकारी कार्यालय परिसर और कई रिहायशी इलाके जलमग्न हो गए। जगह-जगह जलभराव होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा और सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।

बारिश के बाद गुरुवार को शहर की प्रमुख सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। कई दोपहिया वाहन पानी में बंद हो गए, जबकि पैदल चलने वाले लोगों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सरकारी कार्यालयों के परिसर में भी पानी भर जाने से कर्मचारियों और आम लोगों को आने-जाने में परेशानी हुई।

नूंह जिले में बीते 24 घंटों के दौरान अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक वर्षा नागिना क्षेत्र में 85 मिमी रिकॉर्ड की गई, जबकि फिरोजपुर झिरका में 72 मिमी और तावड़ू में 71 मिमी बारिश हुई, नूंह में 60 मिमी,पुनहाना में 60 मिमी, तावड़ू 71 मिमी, इंडरी 52 मिमी दर्ज की गई।

लगातार हुई बारिश के कारण जिले के कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनी रही, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर वर्ष बारिश के दौरान ऐसी स्थिति बन जाती है। नालों की समय पर सफाई नहीं होने और जल निकासी व्यवस्था कमजोर होने से थोड़ी देर की बारिश भी शहर को जलमग्न कर देती है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि शहर की जल निकासी व्यवस्था को मजबूत किया जाए और जलभराव वाले क्षेत्रों में जल्द राहत कार्य शुरू किए जाएं, ताकि भविष्य में बारिश के दौरान लोगों को इस तरह की समस्याओं का सामना न करना पड़े।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया