सोनीपत में टोल दरें बढ़ीं, यात्रा हुई महंगी
सोनीपत, 01 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रीय
राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने एक अप्रैल 2026 से देशभर के राजमार्गों पर टोल दरों
में औसतन चार से पांच प्रतिशत तक बढ़ोतरी लागू कर दी है। सोनीपत जिले में झिंझौली,
झरोठी और मोहना टोल प्लाजा पर नई दरें प्रभावी हो गई हैं, जिससे कार, जिप, एलएमवी,
एलसीवी तथा बस-ट्रक चालकों की जेब पर अतिरिक्त बोझ बढ़ा है। यह वार्षिक संशोधन थोक
मूल्य सूचकांक आधारित महंगाई को ध्यान में रखकर किया गया है, जिसका उद्देश्य सड़क रखरखाव
और नए निर्माण के लिए धन जुटाना बताया गया है।
झिंझौली
टोल प्लाजा पर कार व जिप के लिए सिंगल ट्रिप 70 रुपये और डबल ट्रिप 105 रुपये तय किए
गए हैं। एलसीवी के लिए सिंगल ट्रिप 115 रुपये व डबल 170 रुपये देने होंगे। बस व ट्रक
के लिए सिंगल ट्रिप 235 रुपये और डबल ट्रिप 355 रुपये निर्धारित किए गए हैं। पिछली
दरों की तुलना में पांच से 25 रुपये तक की बढ़ोतरी दर्ज हुई है।
झरोठी
टोल प्लाजा पर कार व जिप का सिंगल ट्रिप 80 रुपये और डबल 120 रुपये हो गया है। एलसीवी
के लिए सिंगल 130 रुपये व डबल 195 रुपये तय हैं। बस-ट्रक के लिए सिंगल ट्रिप 275 रुपये
और डबल ट्रिप 415 रुपये देना होगा। मोहना टोल पर कार-जिप सिंगल 75 रुपये व डबल 115
रुपये, एलसीवी सिंगल 125 रुपये व डबल 185 रुपये तथा बस-ट्रक सिंगल 260 रुपये व डबल
390 रुपये हो गए हैं। इन टोल प्लाजा पर फास्टैग अनिवार्य है और नकद भुगतान सीमित कर
दिया गया है।
मंथली
पास भी महंगे हुए हैं। मोहना टोल पर कार-जिप पास 2545 रुपये, एलसीवी 4110 रुपये और
बस-ट्रक 8615 रुपये है। झरोठी पर कार-जिप 2715, एलसीवी 4385 और बस-ट्रक 9190 रुपये
तय हुए हैं। झिंझौली पर कार-जिप 2340, एलसीवी 3780 और बस-ट्रक 7915 रुपये देना होगा।
जबकि रोहतक के मकड़ौली टोल पर कार-जिप 2900, एलसीवी 4685 और बस-ट्रक 9820 रुपये मासिक
पास लागू है। स्थानीय
चालक और ट्रांसपोर्टर बढ़ोतरी से नाराज हैं। उनका कहना है कि कम दूरी में कई टोल होने
से बार-बार भुगतान करना पड़ता है, जिससे परिवहन लागत बढ़ रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

