पानीपत-रोहतक हाईवे पर टोल प्लाजा के कर्मियों ने दिया धरना,यात्री परेशान
पानीपत, 06 अगस्त (हि.स.)। पानीपत-रोहतक राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित डाहर टोल प्लाजा के कर्मचारियों ने वेतन वृद्धि और सीनियर स्टाफ द्वारा कथित शोषण के विरोध में गुरुवार को प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए टोल को लगभग 20 मिनट तक बंद रखा, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर इसराना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को नियंत्रित कर यातायात को सुचारू रूप से चालू चालू करवाया गया।
टोल कर्मचारी बबलू ने बताया कि उन्हें बहुत कम वेतन मिलता है, जिससे परिवार का गुजारा मुश्किल हो जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब कोई कर्मचारी अनुपस्थित होता है, तो उन्हें डबल शिफ्ट में काम करना पड़ता है, और मामूली गलती होने पर पूरे दिन का वेतन काट लिया जाता है। कर्मचारियों ने यह भी दावा किया कि उन्होंने कई बार कंपनी से वेतन बढ़ाने की मांग की है, लेकिन टोल ठेकेदार के सीनियर कर्मचारी उनकी बात ठेकेदार तक नहीं पहुंचने देते।
उन्होंने सीनियर कर्मचारियों पर शोषण और गाली-गलौज का भी आरोप लगाया। प्रदर्शन के दौरान टोल मैनेजर कप्तान विजेंद्र सिंह ने तुरंत ठेकेदार राकेश राठी को घटना की जानकारी दी और इसराना पुलिस को सूचित किया। ठेकेदार राकेश राठी मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों को समझाते हुए आश्वासन दिया कि उनकी जायज मांगों को मान लिया जाएगा। कर्मचारियों ने राकेश राठी के सामने अपनी परेशानियां बताई जिसमें सीनियर कर्मचारियों द्वारा परेशान करना, बिना बताए वेतन काटना और अपशब्दों का प्रयोग करना शामिल था। राकेश राठी ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि भविष्य में उनके साथ ऐसा कुछ नहीं होगी। इसके बाद सभी कर्मचारी अपनी-अपनी ड्यूटी पर लौट गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

