home page

पलवल: सड़क हादसों में दो की मौत, आठ घायल

 | 

पलवल, 18 जून (हि.स.)। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए। हादसे केएमपी एक्सप्रेस-वे और राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर हुए। पुलिस ने सभी मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जांच अधिकारी ने गुरूवार को जानकारी देते हुए बताया कि केएमपी एक्सप्रेस-वे पर हुए हादसे में राजस्थान के सीकर निवासी बस चालक बलराम की मौत हो गई। मृतक के भाई चंद्रशेखर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बलराम बस लेकर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पर बिना इंडिकेटर लगाए खड़े ट्रॉले से बस की टक्कर हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल बलराम को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने ट्रॉला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

एक अन्य हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर फुलवाड़ी मोड़ के निकट हुआ। यहां किसी अज्ञात वाहन ने सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को टक्कर मार दी। दुर्घटना में व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

मितरोल गांव के पास फ्लाईओवर पर एक पिकअप वाहन ने ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे के समय दिल्ली निवासी धीरज सिंह अपने परिवार के साथ वृंदावन जा रहे थे। दुर्घटना में धीरज सिंह, उनकी पत्नी भूरी देवी तथा उनके तीन बच्चे घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। रतिपुर गांव में सड़क किनारे खड़े चार युवकों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। त्रिलोक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने भांजे प्रिंस तथा दोस्तों योगेश और रोहित के साथ सड़क किनारे खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान एक कार चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस आरोपित वाहन चालक की तलाश कर रही है। पुलिस ने सभी मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग