हांसी : लॉरेंस गैंग का दावा,पुलिस एनकाउंटर फेक
पोस्ट कर कहा- केरल से उठाकर लाए, यहां दोनों को आरोपी दिखाया
हांसी, 06 जुलाई (हि.स.)। यहां के फव्वारा चौक पर 25 दिन पहले 11 जून को हुए
जिम संचालक कपिल रेढू हत्याकांड के दो मुख्य आरोपियों के पुलिस एनकाउंटर को लॉरेंस
गैंग ने फेक बताया है। हरियाणा एसटीएफ व दिल्ली पुलिस ने एक ज्वाइंट ऑपरेशन में रविवार
अल सुबह दोनों को ढेर किया था।
लॉरेंस गैंग के सुंदर टकला ने साेमवार काे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा है कि पुलिस ने
जो दो लड़कों का एनकाउंटर किया है वो एकदम फर्जी है। मारे गए दोनों भाइयों को पुलिस
ने केरल से पकड़ा था। पुलिस उन्हें वहां से उठाकर लाई है और उनके पास इसके पुख्ता सीसीटीवी
फुटेज भी मौजूद हैं। सुंदर ने दावा किया कि एनकाउंटर के वक्त दोनों शूटरों के पास कोई
हथियार नहीं था। जिस हथियार से हांसी में जिम संचालक का मर्डर हुआ था, वह पहले से ही
हांसी सीआईए-2 के पास जमा है, वहीं पुलिस ने इसे एक आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई
बताया था।
बता दें कि हांसी में 11 जून को 25 वर्षीय जिम संचालक कपिल रेढू की अंधाधुंध
गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसमें एक युवती भी घायल हुई थी। मर्डर के महज पांच
घंटे बाद लॉरेंस गैंग के हैरी बॉक्सर ने सोशल मीडिया पर इस हत्याकांड की जिम्मेदारी
ली थी। तभी से पुलिस इन दोनों शूटरों की तलाश में जुटी हुई थी।
गैंगस्टर सुंदर ने सोशल मीडिया पर एक लंबी पोस्ट डालकर पुलिस के एनकाउंटर को
फेक बताया। गैंगस्टर ने दावा किया कि मारे गए दोनों भाइयों (शूटरों) को पुलिस ने केरल
से पकड़ा था। पुलिस उन्हें वहां से उठाकर लाई है और उनके पास इसके पुख्ता सीसीटीवी
फुटेज भी मौजूद हैं। पोस्ट में दावा किया गया है कि एनकाउंटर के वक्त दोनों शूटरों के पास कोई हथियार
नहीं था। जिस हथियार से हांसी में जिम संचालक का मर्डर हुआ था, वह पिस्तोल पहले से
ही हांसी सीआईए-2 के पास जमा है।
हिसार पुलिस इस सोशल मीडिया पोस्ट की जांच कर रही है। यह किसने व कहां से डाली है। इसके लिए आईपी एड्रेस व अन्य तकनीकी कारणों के आधार पर जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

