home page

यमुनानगर:नर्सरी परिसर में खेल रहा मासूम पानी के गड्ढे में डूबा, हुई मौत

 | 
यमुनानगर:नर्सरी परिसर में खेल रहा मासूम पानी के गड्ढे में डूबा, हुई मौत


यमुनानगर, 11 सितंबर (हि.स.)। यमुनानगर के प्रतापनगर क्षेत्र के अराईयांवाला गांव में पानी से भरे गड्ढे में डूबने से एक वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब बच्चा नर्सरी परिसर में खेल रहा था। काफी देर तक नजर नहीं आने पर परिजनों ने तलाश शुरू की, जिसके बाद वह करीब तीन फीट गहरे पानी के गड्ढे में मिला। मृतक की पहचान एक वर्षीय सिद्धांत, पुत्र शिव, के रूप में हुई है।

परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले का रहने वाला है और अराईयांवाला गांव की एक नर्सरी में रहकर काम करता है। घटना के बाद पिता बच्चे को कपड़े में लपेटकर गोद में उठाकर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे के पिता शिव के अनुसार, वह अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ नर्सरी परिसर में रहता है और वहीं काम करता है। सिद्धांत तीनों बच्चों में सबसे छोटा था। गुरुवार शाम को शिव नर्सरी में काम कर रहे थे, जबकि उनकी पत्नी कपड़े धो रही थी।

इसी दौरान सिद्धांत खेलते हुए परिसर में बने पानी के गड्ढे के पास पहुंच गया और अचानक उसमें गिर गया। कुछ समय बाद बच्चे के दिखाई नहीं देने पर परिवार ने आसपास तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान सिद्धांत पानी में मिला। पिता उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया और आवश्यक कार्रवाई के बाद परिजनों को सौंप दिया। मासूम की अचानक हुई मौत से परिवार में मातम पसरा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार