home page

हांसी : सीबीएसई राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप में सातबास के तीन निशानेबाजों ने जीते स्वर्ण पदक

 | 
हांसी : सीबीएसई राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप में सातबास के तीन निशानेबाजों ने जीते स्वर्ण पदक


10 मीटर एयर पिस्टल के अंडर-14 वर्ग में 1061 स्कोर के साथ हासिल किया पहला

स्थान

हिसार के नारायणा टेक्नो स्कूल के विद्यार्थी हैं तीनों खिलाड़ी

हांसी, 15 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के सातबास क्षेत्र के तीन युवा निशानेबाजों

ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन

किया है। उमरा गांव निवासी प्रद्युम्न मलिक और विराट मलिक तथा सुल्तानपुर गांव निवासी

हार्दिक मलिक ने सीबीएसई राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप-2026 के 10 मीटर एयर पिस्टल मुकाबले

में 1061 का स्कोर हासिल कर अंडर-14 वर्ग में पहला स्थान प्राप्त किया।

तेलंगाना के सिकंदराबाद स्थित डीपीएस नेचाराम में 11 से 14 अक्टूबर तक आयोजित

इस प्रतियोगिता में सीबीएसई से संबद्ध स्कूलों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। जोनल

स्तर के मुकाबलों के बाद राष्ट्रीय चैंपियनशिप में पहुंचे तीनों निशानेबाजों ने सटीक

निशाने, एकाग्रता और दबाव में संयम का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किए। प्रद्युम्न मलिक, विराट मलिक और हार्दिक मलिक हिसार के नारायणा टेक्नो स्कूल

में पढ़ते हैं। तीनों की इस उपलब्धि से स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों

में खुशी का माहौल है। क्षेत्र के लोगों ने भी खिलाड़ियों और उनके परिवारों को बधाई

देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

प्रद्युम्न मलिक हिसार की यदुवंशी अकादमी में कोच संजू यादव के मार्गदर्शन

में निशानेबाजी का प्रशिक्षण ले रहे हैं। वहीं, विराट मलिक और हार्दिक मलिक उमरा की

एलिट शूटिंग अकादमी में कोच नरेश मलिक और भास्कर से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। तीनों खिलाड़ियों ने मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण के दम पर यह उपलब्धि

हासिल की है। राष्ट्रीय चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने से सातबास क्षेत्र की खेल

प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर