सिरसा: तीन तस्कर गिरफ्तार, लाखों रुपये की हेरोइन बरामद
सिरसा, 21 अगस्त (हि.स.)। पुलिस ने नशा तस्करों पर कार्रवाई करे हुए जिले क्षेत्र से तीन तस्करों को गिरफ्तार कर लाखों रुपये की हेरोइन बरामद की है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए तस्करों की पहचान पंजाब निवासी अजमत, गोपी राम व ओमप्रकाश के रूप में हुई है। हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो फतेहाबाद यूनिट प्रभारी तरसेम सिंह ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस टीम सिरसा के सिविल अस्पताल क्षेत्र में मौजूद थी।
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि अजमत नशा बेचने का धंधा करता है नशा बेचने की फिराक में है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गुरु तेगबहादुर नगर क्षेत्र से आरोपी को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 102 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी कीमत लाखों रुपये आकी गई है। पुलिस पूछताछ में तस्कर की पहचान पंजाब के जिला बरनाला निवासी अजमत सिंह के रूप में हुई।
इसके अलावा सीआईए ऐलनाबाद पुलिस ने बाइक सवार युवक को हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। सीआईए प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी युवक की पहचान सिरसा जिला निवासी गोपी राम के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से सात ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। सीआईए सिरसा पुलिस ने गांव दड़बा क्षेत्र से मोटरसाइकिल सवार युवक से आठ ग्राम हेरोइन पकड़ी है। आरोपी युवक की पहचान ओमप्रकाश के रूप में हुई है।
उधर, पुलिस ने गांव कालांवाली क्षेत्र से एक युवक को अवैध पिस्तौल व दो जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान बलराज सिंह के रूप में हुई है। एएनसी स्टाफ प्रभारी रणजोत सिंह ने बताया कि पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान गांव कालांवाली क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान एक युवक आता दिखाई दिया जो कि पुलिस टीम को देखकर वापस मुड़ गया। पुलिस ने शक के आधार पर उसका पीछा कर उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर युवक के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध पिस्तौल व दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

