सिरसा: तीन नशा तस्कर गिरफ्तार
सिरसा, 06 जून (हि.स.)। पुलिस ने सिरसा जिले क्षेत्र से तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हेरोइन व चूरापोस्त बरामद किया है। पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान अमर सिंह, दीपक व हैप्पी सिंह के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान गांव अबूबशहर क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान एक युवक आता दिखाई दिया जो कि पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगा।
पुलिस ने शक के आधार पर उसे काबू कर तलाशी ली तो उसके कब्जे से एक किलो ग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ। इसके अलावा पुलिस ने सिरसा शहर क्षेत्र से आरोपी दीपक को हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। एंटी नारकोटिक्स सेल के प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान सामने से एक युवक पैदल आता हुआ दिखाई दिया, जो कि पुलिस को देखकर वापस मुड़ गया। पुलिस ने शक के आधार पर उसे काबू कर लिया और तलाशी ली तो उसके कब्जे से सात ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
सीआईए कालांवाली ने करीब तीन करोड़ रुपये की एक किलो 485 ग्राम हेरोइन तस्करी के मामले में वांछित आरोपी हैप्पी सिंह को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सीआईए कालांवाली टीम ने कार सवार तीन युवकों को एक किलो 485 ग्राम हेरोइन सहित काबू किया था। आरोपियों से गहनता से पूछताछ करने पर तस्करी मामले से जुड़े आरोपियों श्रवण, नवदीप सिंह, अर्शदीप व हरतेज सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मुख्य तस्कर के बारे में अहम जानकारी जुटाई और आरोपी हैप्पी सिंह को केंद्रीय जेल अमृतसर से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

