सिरसा: तीन हेरोइन तस्कर गिरफ्तार
सिरसा, 21 अप्रैल (हि.स.)। स्थानीय पुलिस ने सिरसा जिला क्षेत्र से तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हेरोइन बरामद की है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जसकरण सिंह, रवि शंकर व गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई। सीआईए कालांवाली प्रभारी ने मंगलवार को बताया कि पुलिस टीम गश्त के दौरान तारूआना रोड कालांवाली क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार एक युवक आता दिखाई दिया जो कि पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने शक के आधार पर उसे काबू कर तलाशी ली तो उसके कब्जे से साढ़े छह ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान जसकरण सिंह के रूप में हुई। इसके अलावा ओढां पुलिस ने गांव रताखेड़ा क्षेत्र से रविशंकर को चार ग्राम हेरोइन सहित काबू किया है। शहर थाना डबवाली पुलिस ने हेरोइन तस्करी में वांछित मुख्य तस्कर गुरप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि बीते दिवस पुलिस ने दर्शन सिंह को करीब दस ग्राम हेरोइन सहित काबू किया था। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे गुरप्रीत सिंह ने हेरोइन सप्लाई की थी। पुलिस ने सप्लायर के खिलाफ भी मामला दर्ज कर महत्वपूर्ण सुराग जुटाकर आरोपी गुरप्रीत को काबू कर लिया है।
इसके अलावा पुलिस ने जानलेवा हमला करने के आरोपी पंजाब के बठिंडा निवासी मनप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया है। चौटाला पुलिस चौकी प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि अनमोल सिंह की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। शिकायत में अनमोल ने बताया कि संदीप कुमार व मनप्रीत सिंह उसका अपहरण कर उसे गांव अबूबशहर के पास नहर में ले गए। यहां उसके साथ मारपीट की और पेट्रोल डालकर जलाने का प्रयास किया और मौके से फरार हो गए। राहगीरों ने उसे अस्पताल में पहुंचाया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी संदीप को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

