सोनीपत: विज्ञापन लिंक भेजकर साढ़े चार लाख ठगने वाले तीन गिरफ्तार
सोनीपत, 27 मई (हि.स.)। सोनीपत
पुलिस ने विज्ञापन लिंक भेजकर चार लाख 50 हजार रुपयेकी साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश
किया है। थाना साइबर पुलिस ने राजस्थान के उदयपुर क्षेत्र से तीन आरोपियों को गिरफ्तार
किया है। आरोपियों की पहचान राजस्थान में जिला डूंगरपुर के गांव गामडी देवकी निवासी
देवशंकर, प्रकाश और ईश्वर रूप में हुई है। बुधवार को आरोपियों को अदालत में पेश कर
न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
जांच में सामने आया कि 11 अप्रैल
2026 को सोनीपत निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 28 मार्च को उसके मोबाइल पर गूगल
क्रोम पर एक विज्ञापन दिखाई दिया। विज्ञापन में कॉल गर्ल उपलब्ध कराने का दावा किया
गया था। लिंक पर क्लिक करने के बाद उसका संपर्क व्हाट्सऐप नंबर से हुआ। आरोपियों ने
अलग-अलग सर्विस बताकर पहले एक हजार रुपये एडवांस जमा करवाए और बाद में वेरिफिकेशन,
टैक्स, सिटी चार्ज समेत कई बहानों से लगातार पैसे मंगवाते रहे।
पीड़ित
से यूपीआई और स्कैनर के जरिए करीब चार लाख 50 हजार रुपये ठग लिए गए। आरोपियों ने पैसे
वापस करने का झांसा भी दिया। शिकायत मिलने के बाद थाना साइबर में मामला दर्ज कर जांच
शुरू की गई।
थाना
साइबर के प्रबंधक निरीक्षक पवन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार
कर उनके कब्जे से मोबाइल फोन बरामद किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

