home page

नूंह में सीआईए टीम और गौ तस्कर के बीच मुठभेड़, आरोपी के पैर में लगी गोली

 | 
नूंह में सीआईए टीम और गौ तस्कर के बीच मुठभेड़, आरोपी के पैर में लगी गोली


नूंह, 01 नवंबर (हि.स.)। जिले में गौ तस्करी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सक्रिय पुलिस टीम की रविवार को थाना सदर नूंह क्षेत्र के गांव घासेड़ा में एक कथित गौ तस्कर से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने रोकने का इशारा करने पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को उपचार के लिए शहीद हसन खां मेवाती राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, नल्हड़ में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से तीन गोवंश, एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सीआईए स्टाफ नूंह के इंचार्ज निरीक्षक विनोद कुमार अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान गांव घासेड़ा में इंडियन पेट्रोल पंप के पास पीर मजार के नजदीक एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया तो आरोपी ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे काबू कर लिया। घायल आरोपी की पहचान दिलशाद उर्फ दिल्ला निवासी गांव सुडाका, उम्र करीब 37-38 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से तीन गाय, एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले में गौ तस्करी सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है। ऐसे अपराधों में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और मामले की जांच में जुटी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया