हिसार में विहिप नेता को फिर धमकी, दो करोड़ फिरौती मांगी
तीन दिन में दूसरी बार आई रंगदारी के लिए धमकी, परिवार में दहशत
हिसार, 31 जुलाई (हि.स.)। विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष एवं निर्माणाधीन
कनॉट प्लेस के निदेशक सुरेंद्र जांगड़ा से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले
में बदमाशों ने तीन दिन में दूसरी बार धमकी देकर पुलिस के कानून व्यवस्था के दावों
को सीधी चुनौती दे डाली है।
बदमाशों ने अपने अल्टीमेटम की दो दिन की अवधि पूरी होते
ही विहिप नेता को दोबारा फोन करके चेता दिया है कि वह ‘कितनी ही कोशिश कर ले, दो करोड़
तो देने ही पड़ेंगे।’
विहिप जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र जांगड़ा ने बताया कि उन्हें शुक्रवार दोपहर को
फिर धमकी मिली है कि उसने पहली धमकी पर अमल नहीं किया। सुरेन्द्र के अनुसार पहली बार
29 जुलाई शाम को आई धमकी में दो दिन का समय देते हुए दो करोड़ की मांग की गई थी। उनका
कहना है कि पहली धमकी के अनुसार दो दिन की समय सीमा समाप्त होते ही उसे फिर धमकी मिल
गई। लगातार मिल रही धमकियों से परिवार में असुरक्षा का माहौल है। ताजा
धमकी के बारे में पुलिस प्रवक्ता का कहना है कि धमकी की कॉल आई है, अभी केस दर्ज नहीं
हुआ है, पुलिस जांच कर रही है।
सुरेंद्र जांगड़ा के अनुसार बुधवार शाम करीब 6:20 बजे उनके व्हाट्सएप पर पुर्तगाल
के नंबर (+351925884932) से कॉल आई थी, लेकिन व्यस्त होने के कारण वह कॉल रिसीव नहीं
कर सके। करीब दो मिनट बाद उसी नंबर से 25 सेकंड का वॉयस मैसेज भेजा गया। वॉयस मैसेज
में खुद को ‘गिली राणा’ बताते हुए आरोपी ने कहा कि वह रोहित गोदारा ग्रुप से बोल रहा है और दो करोड़
रुपये की रंगदारी की मांग की। आरोपी ने दो दिन के भीतर रकम देने की चेतावनी देते हुए
कहा कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो सुरेंद्र जांगड़ा और उनके परिवार को जान से मार दिया
जाएगा। उसने यह भी कहा कि उसकी पहचान एसपी या डीएसपी से भी सत्यापित कराई जा सकती है।
क्लॉथ मार्केट के व्यापारी से मांगे पांच करोड़
इससे पहले 14 जुलाई को हिसार की क्लॉथ मार्केट के व्यापारी सुभाष काठपाल से
पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया था। उस प्रकरण में भी पुलिस
ने जांच शुरू की लेकिन किसी नतीजे पर नहीं पहुंची और न ही किसी आरोपी की गिरफ्तारी
हुई।
लगातार बढ़ रहे रंगदारी के मामले
हिसार में पिछले सात महीनों के दौरान गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम पर रंगदारी
मांगने का यह 10वां मामला है। इससे पहले भी रोहित गोदारा के नाम से कई लोगों से रंगदारी
मांगी जा चुकी है। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने व्यापारिक और सामाजिक संगठनों
से जुड़े लोगों में चिंता बढ़ा दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

