home page

पानीपत: होंडा मैनेजर के घर से सोने के जेवर व नकदी चोरी

 | 
पानीपत: होंडा मैनेजर के घर से सोने के जेवर व नकदी चोरी


पानीपत, 15 जून (हि.स.)। पानीपत के विजय नगर में चोर दिनदहाड़े घर का ताला तोड़ कर नकदी सहित कीमती आभूषण चोरी कर ले गए, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई है। विजय नगर निवासी दीपक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह होंडा एजेंसी में बतौर मैनेजर कार्यरत हैं। 14 जून की सुबह वह अपने मकान के मुख्य दरवाजे पर ताला लगाकर किसी काम से बाहर गया था। दोपहर बाद जब वह वापस घर लौटा, तो घर के मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ था। दीपक ने जब बदहवास हालत में अंदर जाकर देखा, तो कमरों का सारा सामान बिखरा हुआ था और बेडरूम में रखी लोहे की मजबूत अलमारी का लॉकर भी टूटा हुआ था। पीड़ित मैनेजर ने जब अलमारी के लॉकर को चेक किया, तो उसमें रखी डेढ़ लाख रुपए की नकदी और सोने की एक चेन, सोने की अंगूठी व कान की बाली गायब मिले।

चोरों ने महज कुछ ही देर के भीतर करीब तीन लाख रुपए की इस चोरी को अंजाम दे डाला। दीपक के अनुसार, इस वारदात को किसी जानने वाले ने अंजाम दिया, जिसको उनके घर से बाहर जाने के समय की पूरी जानकारी थी। शिकायत मिलते ही तहसील कैंप थाना पुलिस की टीम ने मौके पर जाकर तहकीकात की तथा आसपास के घरों और रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है, ताकि चोर का पता लग सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा