हिसार में दो एटीएम से लाखों की नकदी चाेरी
पुलिस ने चार टीमें बनाई, शीघ्र पकड़ने का दावा
हिसार, 07 जून (हि.स.)। जिले में दो अलग अलग स्थानों पर एटीएम को निशाना बनाते
हुए बदमाशों ने लाखों की चोरी कर डाली। बदमाशों ने हिसार की रेड स्कवेयर मार्केट में
स्थित एसबीआई के एसटीएम व भिवानी रोहिल्ला स्थित यूनियन बैंक के एटीएम को निशाना बनाया।
यूनियन बैंक के इस एटीएम को दूसरी बार निशाना बनाया गया है। पुलिस ने केस दर्ज करके
छानबीन शुरू कर दी है और चार पार्टियां गठित करके चोरों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस
का मानना है कि प्रदेश में अंबाला व यमुना नगर क्षेत्र में भी इसी तरह की वारदात हुई
है और यह वारदात किसी एक ही गिरोह की हो सकती है।
मिली जानकारी के अनुसार चोरों ने शनिवार देर रात रेड स्कवेयर मार्केट स्थित
एसबीआई बैंक की एटीएम को निशाना बनाया। यहां से चोरों ने एटीएम उखाड़कर दो लाख से अधिक
की नकदी चुरा ली। चोरी का पता रविवार सुबह चला। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची
और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की मदद से जांच शुरू की। मौके पर बैंक अधिकारियों को भी बुलाया
गया, ताकि पता लगाया जा सके कि चोर कितनी राशि ले उड़े हैं। बैंक अधिकारियों ने बताया
कि एटीएम में लगभग दो लाख की नकदी थी, जिसे चोर ले गए। शहर पुलिस ने केस दर्ज करके
छानबीन आरंभ कर दी है।
दूसरी वारदात भिवानी रोहिल्ला गांव में शनिवार देर रात हुई, जहां चोरों ने
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया का एटीएम काट लिया। चोर मशीन से 6 लाख 67 हजार 400 रुपए की नकदी
लेकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर बालसमंद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी
है। बालसमंद-भादरा मुख्य मार्ग पर स्थित इस एटीएम को शनिवार शाम बैंक कर्मचारियों ने
बंद किया था। देर रात करीब दो बजे के बाद अज्ञात चोरों ने एटीएम को निशाना बनाया, मशीन
काटी और नकदी लेकर भाग गए। रविवार सुबह घटना का पता चलने पर बैंक अधिकारियों ने पुलिस
को सूचित किया। बालसमंद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
बालसमंद पुलिस चौकी प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस टीम तुरंत मौके
पर पहुंच गई थी। फिंगर प्रिंट विशेषज्ञों सहित अन्य जांच टीमों को भी बुलाया गया है।
घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच की
जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

