नूंह के गांव इंडरी की वर्षा पंवार बनीं सहायक प्रोफेसर, एमडीयू में हुआ चयन
नूंह, 09 अक्टूबर (हि.स.)। नूंह जिले के गांव इंडरी की बेटी वर्षा पंवार ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वर्षा पंवार का चयन महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू), रोहतक में सोशियोलॉजी (समाजशास्त्र) विषय में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार में खुशी की लहर है, वहीं गांव में भी गर्व का माहौल बना हुआ है। वर्षा की सफलता को ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
वर्षा पंवार ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव के केएस पब्लिक हाई स्कूल से प्राप्त की और दसवीं की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्होंने अपनी कॉलेज की पढ़ाई द्रोणाचार्य कॉलेज, गुरुग्राम से पूरी की। शिक्षा के प्रति समर्पण, निरंतर मेहनत और अपने लक्ष्य को हासिल करने के दृढ़ संकल्प के बल पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया।
वर्षा के पिता रणधीर ने बेटी की सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह पूरे परिवार और गांव के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि वर्षा ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने लक्ष्य से ध्यान नहीं हटाया और दिन-रात मेहनत कर यह उपलब्धि हासिल की। उसकी सफलता से परिवार में उत्सव जैसा माहौल है और घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। उन्होंने कहा कि गांव की बेटी का विश्वविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर चयन होना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। वर्षा की उपलब्धि से अन्य बेटियों को भी शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

