पानीपत: परिवार की गैर मौजूदगी में लाखों की चोरी
पानीपत, 17 जुलाई (हि.स.)। पानीपत के गांव महावटी में चोरों ने एक मकान के मुख्य दरवाजों के ताले तोड़कर करीब दस लाख रुपए के सोने व चांदी के कीमती जेवराें पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के समय घर की महिला अपने काम पर गई हुई थी और बच्चे स्कूल गए हुए थे। पीड़िता की शिकायत पर हलदाना पुलिस चौकी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव महावटी निवासी पीड़िता ज्योति रानी ने पुलिस को दी लिखित शिकायत में बताया कि वह पट्टीकल्याणा स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ केंद्र में नौकरी करती हैं। रोजाना की तरह बीते 16 जुलाई की सुबह भी वह अपने घर से केंद्र के लिए निकली थी। उनके जाने के बाद घर पर मौजूद उनके बेटे ने भी जिम्मेदारी निभाते हुए घर के दोनों मुख्य दरवाजों पर अच्छी तरह ताला लगाया और वह भी अपनी पढ़ाई के लिए स्कूल चला गया। घर में कोई भी मौजूद नहीं था और इसी का फायदा चोरों ने उठाया।
दोपहर के समय जब बच्चे स्कूल में छुट्टी होने के बाद घर लौटे, तो मुख्य गेट का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। घर के दोनों मुख्य दरवाजों के ताले टूटे हुए जमीन पर पड़े थे। अनहोनी की आशंका से घबराए बच्चों ने तुरंत इसकी सूचना फोन पर अपनी मां ज्योति रानी को दी। सूचना मिलते ही ज्योति भी काम छोड़कर घर पहुंचीं। जब पीड़िता ने घर के अंदर जाकर देखा तो कमरा पूरी तरह से अस्त-व्यस्त पड़ा था। चोरों ने अंदर रखी अलमारी के लॉकर को बुरी तरह से तोड़ा हुआ था। कपड़े व अन्य जरूरी सामान पूरे फर्श पर बिखरा पड़ा था। लॉकर की जांच करने पर पता चला कि चोर ज्योति की जीवनभर की कमाई से बनाए गए सोने-चांदी के गहने लेकर चंपत हो गए।
पीड़िता ज्योति रानी ने हलदाना चौकी में अज्ञात चोर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने शुक्रवार को शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की एक टीम गांव और उसके आसपास के रास्तों पर लग सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

