home page

पानीपत: बंद मकान से नकदी व गहने चोरी

 | 
पानीपत: बंद मकान से नकदी व गहने चोरी


पानीपत, 25 जुलाई (हि.स.)। पानीपत के गांव महावटी में चोरों ने एक मकान का ताला तोड़ कर नकदी सहित लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। वारदात के वक्त घर पर कोई नहीं था। जिसका फायदा चोरों ने उठाया। वारदात उस समय हुई जब मकान मालिक हरियाणा रोडवेज में अपनी ड्यूटी पर गया हुआ था और उसकी पत्नी व बच्चे रिश्तेदारी में गए हुए थे।

मकान मालिक सुबह घर लौटा तो देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। घबराकर जब वह घर के अंदर पहुंचा तो अलमारियों के ताले टूटे मिले। पीड़ित ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस के अनुसार गांव महावटी निवासी सतीश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी नियमित ड्यूटी पर गए हुए थे। इसी दौरान उनकी पत्नी और बच्चे भी अपने मामा के घर चले गए थे। घर पूरी तरह खाली होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।

सतीश ने बताया कि जब वह सुबह अपने घर पहुंचे, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो दोनों लोहे की अलमारियों के ताले भी टूटे पड़े थे और पूरे घर का सामान बिखरा हुआ था। अलमारियों में रखा कीमती सामान गायब था। पीड़ित के अनुसार चोर घर से 80 हजार रुपए नकद, दो सोने की अंगूठियां, एक सोने का हार, सोने का मंगलसूत्र, सोने का टीका, सोने की झुमकी, चांदी की तागड़ी तथा चांदी का गुच्छा चोरी कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा