home page

फतेहाबाद : ट्रेन से तीन करोड़ का सोना चुराने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, जीआरपी ने लिया रिमांड पर

 | 

फतेहाबाद, 14 जुलाई (हि.स.)। जिले के जाखल रेलवे स्टेशन पर गत दिनों हुई तीन करोड़ के गहनों की चोरी की वारदात में जीआरपी द्वारा गिरफ्तार तीन आरोपियों को अदालत से तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है। जीआरपी अंबाला के इंस्पेक्टर हरीश ने तीनों को टोहाना की अदालत में पेश किया। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपियों से करीब एक करोड़ के गहनों की बरामदगी होना बाकी है। हरियाणा राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) द्वारा गठित एसआईटी और राजस्थान के झुंझुनूं की नवलगढ़ पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से जमीन में गाडक़र छिपाए गए करीब दो करोड़ रुपए के गहने बरामद कर लिए हैं, जबकि शेष एक करोड़ के गहनों की बरामदगी होनी बाकी है।

मंगलवार को नवलगढ़ थानाधिकारी अजय सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गत 10 जून को एक लॉजिस्टिक कंपनी का कर्मचारी नरेंद्र सिंह दिल्ली से सोने के गहने लेकर ट्रेन द्वारा बठिंडा (पंजाब) के लिए रवाना हुआ था। उसके बैग में करीब तीन करोड़ रुपए के सोने के आभूषण थे। जब ट्रेन फतेहाबाद जिले के जाखल रेलवे स्टेशन पर रुकी, तो नरेंद्र सिंह पानी लेने के लिए अपनी सीट से नीचे उतरा। इसी दौरान ताक में बैठे बदमाशों ने उसका गहनों से भरा बैग पार कर दिया और रफूचक्कर हो गए। चोरी का पता पंजाब के रामपुरा फूल रेलवे स्टेशन पर चला। जहां जीरो एफआईआर दर्ज की गई।

जाखल में हुई इस बड़ी चोरी के बाद एसआईटी गठित की गई । जब एसआईटी ने तफ्तीश तेज की, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। वारदात का मास्टरमाइंड ऋषभ नामक युवक निकला, जो पहले उसी लॉजिस्टिक कंपनी में काम करता था। ऋषभ को गहनों की सप्लाई की टाइमिंग, पैकिंग के तरीके और ट्रांसपोर्टेशन के पूरे सिस्टम की बारीक जानकारी थी। उसने करीब दो महीने तक इस पूरे रूट और टाइमिंग की रेकी की थी और अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी का यह पूरा ताना-बाना बुना था। जाखल में वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों के झुंझुनूं (राजस्थान) के नवलगढ़ इलाके में छिपे होने का इनपुट मिला था। इसके बाद हरियाणा जीआरपी और नवलगढ़ पुलिस ने जाल बिछाया। पुलिस टीमों ने सात और 10 जुलाई को नवलगढ़ के डेरावाली ढाणी में दबिश देकर मुख्य आरोपी ऋषभ और उसके साथी गोविंद को धर दबोचा। इसके बाद उनके तीसरे साथी बबलू को भी काबू कर लिया गया। पूछताछ में सामने आया कि जाखल से चोरी करने के बाद तीनों ने गहने आपस में बांट लिए थे। पुलिस के पकड़े जाने के डर से उन्होंने कल्याणपुरा के तालाब के पास स्थित एक मंदिर के निकट जमीन में गड्ढा खोदकर गहनों को छिपा दिया था, जिसे पुलिस ने उनकी निशानदेही पर बरामद कर लिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा