पानीपत: पूरे परिवार की जान बचाने वाले सचिन को एसपी ने किया सम्मानित
पानीपत, 01 अप्रैल (हि.स.)। अदम्य साहस का परिचय देते हुए दंपति व उनके तीन बच्चों की जान बचाने पर नारायणा गांव के सचिन को एसपी भूपेंद्र सिंह ने बुधवार को अपने कार्यालय में सम्मानित किया। गत दिनों दिल्ली पैरलल नहर में नारायणा पूल के पास एक कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी थी। कार में दंपति के साथ उनके तीन छोटे बच्चे भी सवार थे। पास से गुजर रहे सचिन ने अपनी जान की परवाह किए बगैर अदम्य साहस का परिचय देते हुए नहर में डूब रही कार से दंपति और तीनों बच्चों को बाहर निकाल कर पांचों की जान बचाई थी। पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने सचिन के इस साहसिक कार्य की खुले मन से सराहना करते हुए उसे प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उत्साहवर्धन किया और भविष्य में भी इसी प्रकार लोगों की सहायता के लिए आगे आने के लिए प्रेरित किया।
इस मौके पर पानीपत बार एसोसिएशन के प्रधान सुरेंद्र दूहन व अन्य पदाधिकारी व गांव के गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे। सभी ने सचिन की बहादुरी की सराहना की।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

