हिसार : कई महीनों नहीं मिला वेतन, ट्रांसपोर्टर की प्रताड़ना से तंग आकर ट्राला चालक ने दी जान
आर्य नगर में कमरे में पंखे से लटका मिला 38 वर्षीय कृष्ण का शव
भाई की शिकायत पर ट्रांसपोर्टर नितिन मित्तल उर्फ सीटू के खिलाफ केस दर्ज
हिसार, 09 अक्टूबर (हि.स.)। गांव आर्य नगर में 38 वर्षीय ट्राला चालक कृष्ण
ने कथित तौर पर ट्रांसपोर्टर से परेशान होकर शुक्रवार काे आत्महत्या कर ली। मृतक के भाई नरेश ने
आरोप लगाया कि कृष्ण को पिछले 8-10 महीने से वेतन नहीं दिया जा रहा था। बकाया वेतन
मांगने पर उसे नौकरी से निकालने की बात कही गई, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान था।
पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर ट्रांसपोर्टर नितिन मित्तल उर्फ सीटू के खिलाफ मामला
दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुक्रवार को नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव
परिजनों को सौंप दिया गया। कृष्ण अपने पीछे पत्नी और पांच साल की बेटी छोड़ गया है।
मृतक के भाई नरेश ने बताया कि कृष्ण लंबे समय से नितिन मित्तल के पास ट्राला
चालक के रूप में काम कर रहा था। आरोप है कि पिछले करीब आठ-दस महीने से वेतन नहीं मिलने
के कारण वह आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। घटना से पहले भी कृष्ण ने अपने बकाया वेतन को
लेकर ट्रांसपोर्टर से बातचीत की थी। नरेश के अनुसार, इस दौरान ट्रांसपोर्टर ने उसे
नौकरी से निकालने की बात कही। इससे कृष्ण और अधिक परेशान रहने लगा था।
परिजनों के अनुसार, घटना के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था। बाद में जब कृष्ण
का भाई घर पहुंचा तो उसने कृष्ण को कमरे में पंखे से लटका हुआ देखा। उसने तुरंत डायल
112 पर सूचना दी। इसके बाद कृष्ण को नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने
उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की
और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में रखवाया। मामले के जांच अधिकारी राजकुमार ने बताया कि परिजनों ने ट्रांसपोर्टर पर कृष्ण
को परेशान करने के आरोप लगाए हैं। शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर
लिया गया है। मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस मामले की जांच कर
रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

