हाइड्रोजन ट्रेन का साेनीपत से दिल्ली के बीच हाई स्पीड के साथ हुआ ट्रायल
जींद, 27 जून (हि.स.)। जींद जंक्शन से शनिवार को भी हाई स्पीड से हाइड्रोजन ट्रेन को निकाला गया। डीजल इंजन की सहायता से ट्रेन को पहले सोनीपत ले जाया गया। सोनीपत से दिल्ली के बीच चार चक्कर लगवाए गए। जींद से दिल्ली जाते समय ट्रेन की स्पीड 70 किलोमीटर प्रति घंटा की रही। सोनीपत से दिल्ली सब्जी मंडी के बीच ट्रेन के तीन ट्रायल हुए। इस दौरान ट्रेन को 80, 100 और 120 की अलग-अलग स्पीड मानकों पर ट्रायल किया गया। वहीं शुक्रवार को ट्रेन पहले जींद से दिल्ली गई थी और फिर दिल्ली से सोनीपत के बीच ट्रायल किए गए थे।
शुक्रवार को दिल्ली से सोनीपत रूट पर ट्रेन का ट्रायल 85 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से किया गया था। इसके बाद सोनीपत से दिल्ली जाते समय भी ट्रेन की स्पीड 85 किलोमीटर प्रति घंटा रही थी। इसके बाद दिल्ली-सोनीपत रूट पर अपडाउन का चक्कर 100 किलोमीटर प्रति घंटा से ट्रायल किया गया। वहीं दिल्ली से सोनीपत आते समय अंतिम चक्कर 120 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड रखी गई थी। शुक्रवार देर रात ट्रेन सोनीपत से जींद वापस जींद पहुंची थी।
गौरतलब है कि हाइड्रोजन ट्रेन का इससे पहले 75 और 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से स्पीड ट्रायल हो चुका है। अब ट्रेन के हाई स्पीड टेस्ट के दौरान हर बारीकी पहलुओं पर नजर बनाई जा रही है। ट्रायल में ब्रेकिंग सिस्टम, इंजन की क्षमता, कंपन सिस्टम, ट्रैक पर स्थिरता जैसे परिस्थितियों का आंकलन किया जा रहा है ताकि आगामी दिनों में जब ट्रेन ट्रैक पर हो तो रूट पर किसी तरह की परेशानी नहीं आए। हाई स्पीड परीक्षण के लिए बाहर से हाइड्रोजन गैस मंगवाई गई है ताकि ट्रेन को पर्याप्त ईंधन मिल सके। रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह परीक्षण हाइड्रोजन ट्रेन परियोजना का सबसे महत्वपूर्ण चरण है। इसके सफल रहने पर देश में स्वच्छ ऊर्जा आधारित रेल संचालन का मार्ग प्रशस्त होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

