home page

जींद : देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन की रनिंग ट्रायल हुई शुरू

 | 
जींद : देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन की रनिंग ट्रायल हुई शुरू


जींद, 25 फ़रवरी (हि.स.)। देश की पहली हाइट्रोजन ट्रेन की रनिंग ट्रायल बुधवार को शुरू हुई। अल सुबह ही यार्ड से ट्रेन को बाहर निकाला गया। डीजल इंजन की सहायता से पहले ट्रेन को हांसी रोड पुल के नीचे तक लाया गया। वहां ट्रेन थोड़ी देर रूकी रही। इसके बाद ट्रेन को वापस जंक्शन पर लाया गया। वहां से सुबह आठ बजकर 25 मिनट पर ट्रेन सोनीपत की ओर रवाना हुई। रास्ते में ट्रायल के दौरान डीजल इंजन को ट्रेन से अलग किया जाएगा और हाइड्रोजन गैस पर ट्रेन को चलाकर देखा जाएगा। ट्रेन में हाइड्रोजन गैस थोड़ी मात्रा में है। जरूरत पडऩे पर ट्रेन को दोबारा से डीजल इंजन के साथ जोड़ा जा सकता है।

शुरुआत में जींद से पिंडारा और फिर भम्भेवा स्टेशन तक ले जाया जाएगा। रेलवे विभाग की तकनीकी टीम सुबह से ही तैयारियों में जुटी हुई थी। ट्रायल के दौरान इंजन की गति, ब्रेकिंग सिस्टम, ईंधन खपत और सुरक्षा मानकों का बारीकी से निरीक्षण किया जाएगा। ट्रायल के दौरान ट्रैक की स्थिति, सिग्नलिंग सिस्टम और इंजन के प्रदर्शन पर विशेष नजर रखी जाएगी। बताया जा रहा है कि यदि आज का ट्रायल सफल रहता है तो इस ट्रेन को सोनीपत ट्रैक पर नियमित रूप से चलाने के लिए हरी झंडी मिल सकती है। इससे क्षेत्र के यात्रियों को आधुनिक और प्रदूषण मुक्त रेल सेवा का लाभ मिलेगा। साथ ही रेलवे के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। क्योंकि हाइड्रोजन तकनीक को अपनाने की दिशा में यह अहम कदम है। सुरक्षा की दृष्टि से ट्रायल के दौरान आम लोगों से ट्रैक के पास न जाने की अपील की है। सफल परीक्षण के बाद जल्द ही इस ट्रेन के नियमित संचालन की घोषणा की जा सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा