जींद : खाद्य सुरक्षा विभाग ने पनीर और घी के सैंपल भरे
जींद, 16 सितंबर (हि.स.)। जिला खाद्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार को जुलाना क्षेत्र में तीन दुकानों और डेयरियों पर छापेमारी कर पनीर और घी के सैंपल भरे। जिन्हें जांच के लिए लैबोरट्री भेजा गया है। सैंपल रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई अमल मे लाई जाएगी। मंगलवार को भी खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओमप्रकाश ढाका के नेतृत्व में जींद शहर में स्वामी स्वीट्स व साहिल पनीर भंडार नरवाना पर दस्तक दी। टीम ने स्वामी स्वीट्स से पनीर, साहिल पनीर भंडार नरवाना से घी व पनीर के सैंपल लिए और जांच के लिए लैबोरेटरी भेजा।
जिला खाद्य एवं सुरक्षा अधिकारी डा. ओमप्रकाश ढाका के नेतृत्व में टीम ने बुधवार को जुलाना के सुरेश किरयाना स्टोर पर दस्तक दी और पनीर का सैंपल लिया। इसके अलावा श्री श्याम डेयरी से घी का सैंपल तथा विश्वास मिल्क डेयरी से घी और पनीर के सैंपल भरे गए। टीम ने सभी सैंपलों को सील करके जांच के लिए लैबोरेट्री भेज दिया है। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमरप्रकाश ढाका ने बताया कि लोगों को शुद्ध और साफ खाद्य पदार्थ मिलें। इसके लिए विभाग लगातार अभियान चला रहा है। बाजार में मिलावटी पनीर और घी बिकने की संभावना बनी रहती हैं। सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

