home page

सिरसा: हड़ताली कर्मचारियों ने सिर मुंडवाया, चालक से मारपीट करने वाला कर्मचारी निलंबित

 | 
सिरसा: हड़ताली कर्मचारियों ने सिर मुंडवाया, चालक से मारपीट करने वाला कर्मचारी निलंबित


सिरसा, 04 सितंबर (हि.स.)। जिले में हड़ताली सफाई कर्मचारियों ने शुक्रवार को अपना सिर मुंडवा कर सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। नगरपालिका कालांवाली के बाहर धरने पर बैठे कर्मचारियों ने अनोखे तरीके से विरोध जताते हुए 11 कर्मचारियों मुंडन करवाया। मुंडन के माध्यम से कर्मचारियों ने सरकार का ध्यान अपनी लंबित मांगों की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया।

कर्मचारियों ने बताया कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अभी तक उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया गया है। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं करती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा ।

डोर-टू-डोर कचरा उठाने वाले गाड़ी चालक से मारपीट और वाहन में तोडफ़ोड़ मामले में नाम आने के बाद नगर परिषद सिरसा ने सफाई कर्मचारी वीरेंद्र कुमार को निलंबित कर दिया। वहीं पुलिस ने छह नामजद समेत 10 से अधिक लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट और तोडफ़ोड़ सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। नगर परिषद की ओर से जारी नोटिस कार्यकारी अधिकारी के कार्यालय के बाहर चस्पा किया गया। पुलिस ने कार्यकारी अधिकारी सुमनलता की शिकायत पर राजू, वीरेंद्र कुमार, अनमोल, कांताराम, सर्वजीत, जसवंत और प्रिंस समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

वहीं, हड़ताली कर्मचारियों को नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में कहा गया है कि छह अगस्त से सफाई कर्मचारी हड़ताल पर हैं, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है और बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। काम करने वाले कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार और वाहनों को नुकसान पहुंचाने का भी उल्लेख किया गया है। नोटिस में हाईकोर्ट के सफाई व्यवस्था संबंधी आदेशों का हवाला देते हुए सभी कर्मचारियों को पांच सितंबर तक ड्यूटी पर लौटने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसा नहीं करने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma