जींद : लजवाना खुर्द में भाजपा नेता शमशेर अहलावत का हुआ अंतिम संस्कार
जींद, 19 नवंबर (हि.स.)। जुलाना क्षेत्र के लजवाना खुर्द के भाजपा नेता शमशेर अहलावत का गुरूवार को उनके फार्म हाउस पर अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार में गणमान्य लोगों ने उन्हें नम आंखों से श्रद्धांजली दी। उनके बेटे डा. गजेंद्र ने उन्हें मुखाग्नि दी। जुलाना विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में करीब चार दशक तक अहम भूमिका निभाने वाले भाजपा के पूर्व प्रत्याशी एवं हरियाणा सरकार के सहकारिता विभाग के पूर्व चेयरमैन शमशेर सिंह अहलावत (80) का बुधवार निधन हो गया था।
वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे और रोहतक के कायनोस अस्पताल में वेंटिलेटर पर उनका उपचार चल रहा था। उनके निधन की सूचना मिलते ही जुलाना क्षेत्र सहित आसपास के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई थी। उनके बेटे डा. गजेंद्र सिंह अहलावत ने बताया कि उनके पिता का स्वास्थ्य पिछले काफी समय से खराब था। करीब एक माह तक गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में उनका उपचार चला। इसके बाद उन्हें रोहतक के कायनोस अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा था। उपचार के दौरान बुधवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। डा. गजेंद्र सिंह अहलावत के अनुसार शमशेर सिंह अहलावत का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव लजवाना खुर्द स्थित चौधरी फतेह सिंह फार्म में किया गया। चौधरी शमशेर सिंह अहलावत पूर्व विधायक चौधरी फतेह सिंह के बेटे थे। उन्हें राजनीति विरासत में मिलीए लेकिन उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई। जुलाना विधानसभा क्षेत्र में चार दशक तक उनकी सक्रियता रही। क्षेत्र के राजनीतिक समीकरणों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका मानी जाती थी। वह राष्ट्रीय दलों की टिकट पर पुराना विधानसभा क्षेत्र से पांच बार चुनाव लड़ चुके थे। वर्ष 2005 में भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें जुलाना विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनाया था। प्रदेश में कांग्रेस की मजबूत लहर के बावजूद उन्होंने सम्मानजनक मत हासिल किए थे।उनके अंतिम संस्कार में पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र ने कहा कि शमशेर अहलावत के निधन से जुलाना क्षेत्र के साथ-साथ पूरे जींद जिले की राजनीति और सामाजिक जीवन से जुड़ा एक अनुभवी चेहरा खो दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

