जींद : फैक्टरी में लगी आग में झुलसी एक और महिला ने तोड़ा दम, मरने वालों की संख्या हुई सात
जींद, 09 मार्च (हि.स.)। सफीदों की गीता कालोनी में रंग फैक्टरी में लगी आग में झुलसी एक और महिला मजदूर की पानीपत के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके साथ ही मरने वाली महिला मजदूरों की संख्या सात हो गई है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपित फैक्टरी मालिक को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है।
सफीदों के गीता कालोनी में अवैध रूप से चल रही रंग गुलाल की फैक्टरी में सात मार्च को लगी आग में झुलसी न्यू गीता कालोनी निवासी ममता (35) की पानीपत के निजी अस्पताल में बीती रात उपचार के दौरान मौत हो गई। जिसके साथ मरने वाली महिला मजदूरों की संख्या सात हो चुकी है। सफीदों निवासी महिला मजदूर पूजा, पिंकी, गुड्डी, ऊषा की आग में झुलसने से मौके पर मौत हो गई थी। जबकि महिला मजदूर सरिता तथा धनपति की पीजीआई रोहतक में उपचार के दौरान रविवार को मौत हो गई थी। घटना के दौरान फैक्टरी में 21 मजदूर थे। जिसमें चार महिला मजदूर छत से कूद कर बच निकली थी। जबकि 17 मजदूर अंदर थे जो झुलस गए थे। इसमें 13 महिलाएं थी जिनमें से सात महिलाओं की अब तक मौत हो चुकी है।
एसपी कुलदीप सिंह ने सोमवार को बताया कि सफीदों में अवैध फैक्टरी मे लगी आग की जांच अब एएसपी सोनाक्षी के नेतृत्व में गठित एसआईटी करेगी। जिसमें डीएसपी सफीदों, शहर थाना प्रभारी, सफीदों सीआईए प्रभारी के महिला पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया है। गठित एसआइटी 15 दिन मे जांच पूरी कर अपनी रिपोर्ट एसपी कुलदीप सिंह सौपेंगी। इस प्रकार के हादसे न हो और अवैध कारोबार पर अंकुश लगे इसको लेकर जिला पुलिस विभिन्न विभागों के साथ मिल कर बड़े स्तर अभियान चलाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

